Disadvantages of Eating Raw Vegetables: आजकल सोशल मीडिया पर यह ट्रेंड चल रहा है, कि सब्जियों को कच्चा खाना ज्यादा हेल्दी है। माना जाता है, कि पकाने से उनके पोषक तत्व कम हो जाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं, कि कुछ सब्जियां कच्ची खाना आपकी सेहत के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है? हेल्थ एक्सपर्ट और नेशनल बेस्टसेलर बुक ‘हील योर गट, माइंड एंड इमोशंस’ की लेखिका डिंपल जांगड़ा ने पांच ऐसी सब्जियों के बारे में बताया है जिन्हें कभी भी कच्चा नहीं खाना चाहिए।
अरबी के पत्ते में छिपा है खतरा-
अरबी के पत्ते यानी कोलोकेशिया को कच्चा खाना बिल्कुल गलत है। डिंपल के मुताबिक, इनकी सतह पर हानिकारक बैक्टीरिया और टेपवर्म के अंडे होते हैं, जो अच्छी तरह धोने के बाद भी बच जाते हैं। इन्हें उबालना, भाप में पकाना या हल्का फ्राई करना जरूरी है। कच्चा खाने से सिस्टीसर्कोसिस और पेट की गंभीर इंफेक्शन हो सकती है।
पालक और केल के साथ भी सावधानी जरूरी-
पालक और केल में स्ट्रांगीलॉयड्स, जिआर्डिया, टेपवर्म के अंडे और लार्वा जैसे परजीवी पाए जाते हैं। ये खून में मिलकर गंभीर समस्याएं पैदा कर सकते हैं। इसके अलावा कच्ची पालक में ऑक्सलेट की मात्रा ज्यादा होती है, जो किडनी स्टोन का कारण बन सकती है। पकाने से ऑक्सलेट का लेवल कम हो जाता है और हानिकारक बैक्टीरिया भी खत्म हो जाते हैं। दिलचस्प बात यह है कि जैन समुदाय मानसून में पालक और केल बिल्कुल नहीं खाता क्योंकि इस मौसम में इनमें सूक्ष्मजीवों की संख्या बढ़ जाती है।
पत्तागोभी, शिमला मिर्च और बैंगन भी लिस्ट में-
पत्तागोभी की खुरदरी पत्तियों पर टेपवर्म आसानी से अंडे देते हैं, जो खून और दिमाग तक पहुंच सकते हैं, जिससे मिर्गी और ब्लैकआउट जैसी समस्याएं हो सकती हैं। शिमला मिर्च के बीज वाले हिस्से में भी टेपवर्म के अंडे होते हैं जो खाद और मिट्टी के दूषित होने से आते हैं। इसलिए इसे काटते समय बीज वाला हिस्सा निकाल दें और अच्छी तरह धो लें। बैंगन में भी परजीवी सिस्ट और अंडे पाए जाते हैं, इसीलिए कई संस्कृतियों में इसे खाना मना है। इसे अच्छी तरह पकाकर ही खाएं।
ये भी पढ़ें- Chanakya Niti: धन और सफलता चाहिए? चाणक्य नीति के ये 7 नियम बदल देंगे आपकी किस्मत
सही तरीके से पकाना है जरूरी-
डिंपल ने बताया, कि खाना पकाने के कई फायदे हैं। यह आपको इंफेक्शन से बचाता है, इम्युनिटी बढ़ाता है और पोषक तत्वों को बेहतर तरीके से अवशोषित करने में मदद करता है। बस आपको सही कुकिंग मेथड सीखने की जरूरत है, जो आपकी गट हेल्थ और समग्र स्वास्थ्य के लिए बेहतर हो।
ये भी पढ़ें- बस 15 मिनट की ये आदत, डॉक्टर ने बताया ब्लड शुगर कम करने का सबसे आसान तरीका
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी प्रदान करता है। इसे योग्य चिकित्सा सलाह के विकल्प के रूप में न लें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या के लिए हमेशा विशेषज्ञ से परामर्श लें।



