भाषा बदलें

    Mosquito Repelling Plants
    Photo Source - Google

    Mosquito Repelling Plants: बरसात का मौसम आते ही मच्छरों की परेशानी बढ़ने लगती है। शाम होते ही घर के कोनों, बालकनी और कमरों में मच्छरों का हमला शुरू हो जाता है। इससे न सिर्फ चैन से बैठना मुश्किल हो जाता है, बल्कि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। आमतौर पर लोग मच्छरों से बचने के लिए कॉइल, स्प्रे या लिक्विड रिपेलेंट का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इनमें मौजूद केमिकल्स कई बार सेहत पर भी असर डाल सकते हैं। ऐसे में अगर आप प्राकृतिक और सुरक्षित उपाय ढूंढ रहे हैं, तो कुछ खास पौधे आपकी मदद कर सकते हैं।

    इन पौधों की खास बात यह है, कि ये सिर्फ मच्छरों को दूर रखने में ही मदद नहीं करते, बल्कि घर की खूबसूरती बढ़ाते हैं, हवा को साफ रखते हैं और घर में ताजगी का एहसास भी देते हैं। आइए जानते हैं, ऐसे पांच पौधों के बारे में जिन्हें घर में लगाकर आप मच्छरों की परेशानी काफी हद तक कम कर सकते हैं।

    लेमनग्रास घर का फ्रेशनर-

    अगर आपने कभी सिट्रोनेला कैंडल का इस्तेमाल किया है, तो लेमनग्रास की पावर को आप पहले ही जानते होंगे। लेमनग्रास में सिट्रोनेला ऑयल पाया जाता है, जिसे प्राकृतिक मच्छर भगाने वाले तत्व के रूप में जाना जाता है। इसकी तेज़ और ताजगी भरी खुशबू मच्छरों को पसंद नहीं आती, इसलिए वह इससे दूर रहते हैं।

    इसे घर की बालकनी, खिड़की या ऐसी जगह रखें जहां अच्छी धूप आती हो। यह पौधा कम देखभाल में भी अच्छी तरह बढ़ता है और घर के माहौल को भी फ्रेश बनाए रखता है।

    तुलसी पूजा के साथ सुरक्षा भी-

    भारतीय घरों में तुलसी का पौधा लगभग हर जगह देखने को मिल जाता है। धार्मिक महत्व के अलावा यह मच्छरों को दूर रखने में भी बेहद कारगर माना जाता है। तुलसी की पत्तियों से निकलने वाली प्राकृतिक खुशबू मच्छरों को घर के अंदर आने से रोकने में मदद करती है।

    खिड़कियों, दरवाजों या ड्रॉइंग रूम के पास रखा गया तुलसी का पौधा एक प्राकृतिक सुरक्षा कवच की तरह काम कर सकता है। साथ ही यह घर की हवा को भी साफ रखने में मदद करता है।

    लैवेंडर-

    लैवेंडर अपनी सुगंध के लिए दुनिया भर में मशहूर है। जहां इसकी खुशबू इंसानों को सुकून देती है, वहीं मच्छरों को बिल्कुल पसंद नहीं आती। लैवेंडर में मौजूद प्राकृतिक तत्व मच्छरों को दूर रखने में मदद करते हैं। अगर आप अपने बेडरूम या लिविंग रूम को खूबसूरत और खुशबूदार बनाना चाहते हैं, तो लैवेंडर एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। इसकी हल्की सुगंध अच्छी नींद लेने में भी मदद करती है।

    पुदीना-

    पुदीना सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए ही नहीं जाना जाता, बल्कि मच्छरों को भगाने में भी उपयोगी है। इसकी तेज़ महक मच्छरों की सूंघने की क्षमता को प्रभावित करती है, जिससे वे आसपास नहीं भटकते। पुदीना तेजी से बढ़ता है और ज्यादा देखभाल भी नहीं मांगता। आप इसकी पत्तियों का इस्तेमाल चाय, चटनी और कई घरेलू नुस्खों में भी कर सकते हैं।

    रोज़मेरी खूबसूरती और सुरक्षा दोनों-

    रोजमेरी एक ऐसा पौधा है जो मच्छरों को दूर रखने के साथ-साथ किचन में भी काम आता है। इसकी तेज़ खुशबू मच्छरों को पसंद नहीं होती। शाम के समय इसकी सूखी पत्तियों को जलाने से भी मच्छरों को दूर रखने में मदद मिल सकती है। यह पौधा धूप वाली जगह पर अच्छी तरह बढ़ता है और घर की सजावट में भी चार चांद लगा देता है।

    ये भी पढ़ें- आप जल्द बनने वाले हैं अमीर, साइकोलॉजी के हिसाब से 5 साइन

    क्यों बेहतर हैं ये पौधे?

    केमिकल वाले मच्छर भगाने वाले उत्पाद तुरंत असर जरूर दिखाते हैं, लेकिन लंबे समय तक इनके इस्तेमाल से कुछ लोगों को एलर्जी या सांस से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं। वहीं ये पौधे प्राकृतिक तरीके से मच्छरों को दूर रखते हैं और साथ ही घर की हवा को भी बेहतर बनाते हैं। बेहतर नतीजों के लिए इन्हें खिड़कियों, दरवाजों और बालकनी जैसी जगहों पर रखना चाहिए, जहां से मच्छर आमतौर पर घर में प्रवेश करते हैं। थोड़ी सी हरियाली न सिर्फ आपके घर को सुंदर बनाएगी बल्कि मच्छरों से भी राहत दिला सकती है।

    ये भी पढ़ें- भीषण गर्मी में राहत देंगे ये 7 देसी ड्रिंक्स, लू और कमजोरी से बचने का आसान तरीका

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।