Hapur Acid Case: कभी-कभी जिंदगी में कुछ ऐसे हादसे हो जाते हैं जिनकी कल्पना करना भी मुश्किल होता है। ऐसा ही कुछ हुआ उत्तर प्रदेश के हापुड़ में, जहां जूलरी खरीदने गई एक महिला सिर्फ पानी पीना चाहती थी, लेकिन गलती से उसने बोतल से एसिड पी लिया। यह घटना इतनी चौंकाने वाली है, कि CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि महिला बोतल से एक घूंट पीते ही तड़प उठी और तुरंत बाहर की तरफ भागी।
प्यास बुझाने गई, जान पर बन आई-
घटना शुक्रवार शाम की है, जब यह महिला हापुड़ के अर्जुन नगर इलाके में जूलरी शॉपिंग करने पहुंची थी। दुकान में बैठे-बैठे उसे प्यास लगी तो उसने पानी मांगा। दुकान के एक कर्मचारी को पास की एक कन्फेक्शनरी शॉप से सील बंद बोतल लाने भेजा गया। दुकान वाले ने बताया कि उसने फ्रिज से बोतल निकालकर कर्मचारी को दी, जो उसे वापस जूलरी शॉप में ले आया।
एक घूंट पीते ही चीख पड़ी महिला-
महिला को कतई अंदाजा नहीं था कि बोतल में क्या है। उसने बोतल खोली और बिना सोचे-समझे एक घूंट पी लिया। अगले ही पल वो दर्द से चीख उठी और थूकने के लिए दुकान से बाहर की तरफ दौड़ पड़ी। जांच में सामने आया, कि उस बोतल में पानी नहीं, बल्कि तेजाब यानी एसिड था। सोचिए, कोई इंसान अपनी प्यास बुझाने गया हो और उसकी जान पर बन आए, यह वाकई डरावना है।
हालत बिगड़ने पर अस्पताल रेफर-
घटना के तुरंत बाद महिला को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने की वजह से उसे दूसरे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें- बिहार में 10 पुलिसकर्मी सस्पेंड, जांच में बाहरी दखल का का वीडियो…
पुलिस की टीम जांच में जुटी-
इस पूरे मामले में पुलिस ने कन्फेक्शनरी शॉप के मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दुकानदार का कहना है, कि बोतल पूरी तरह सील बंद थी और उसने वही बोतल दी थी, जो फ्रिज से निकाली गई थी। पुलिस ने दुकान से कुछ और एसिड की बोतलें भी बरामद की हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जूलरी दुकान के मालिक देनू ने कहा, “हमारी जानकारी के मुताबिक, बोतल पूरी तरह सील थी। हमने ग्राहक को वही दी, जैसी फ्रिज से निकाली गई थी।” अब सवाल यह उठता है, कि आखिर पानी की सील बंद बोतल में एसिड कैसे और क्यों रखा गया था। पुलिस इसी सवाल का जवाब ढूंढने में जुटी है, ताकि दोषी को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
ये भी पढ़ें- FDA ने 3 ब्यूटी प्रोडक्ट्स के लिए जारी किया अलर्ट, तुरंत इस्तेमाल बंद करने की सलाह



