Mecca Medina Security: ईरान इस वक्त सऊदी अरब पर मिसाइलों और ड्रोनों की बौछार कर रहा है। सऊदी सरकार अपनी रक्षा प्रणालियों से इन्हें रोकने की पूरी कोशिश कर रही है, लेकिन कुछ हमले बचाव को भेदकर ऑइल रिफायनरी और अमेरिकी दूतावास तक पहुंच गए। इस पूरे संकट के बीच सबसे बड़ी चिंता यह है, कि सऊदी अरब में इस्लाम के दो सबसे पवित्र शहर मक्का और मदीना भी मौजूद हैं।
दुनिया भर के करोड़ों मुसलमानों की आस्था इन शहरों से जुड़ी है। पिछले साल मदीना में पैगंबर की मस्जिद के पास एक संदिग्ध ड्रोन मार गिराए जाने की खबर ने सबको चौंका दिया था। जानकारों का मानना है, कि ईरान इन पवित्र स्थलों पर हमला करने की हिम्मत नहीं करेगा, क्योंकि ऐसा करते ही वो पूरी इस्लामी दुनिया में खलनायक बन जाएगा।
Patriot PAC-3 सुरक्षा की पहली और सबसे मज़बूत दीवार-
मक्का और मदीना की रक्षा के लिए सऊदी अरब ने दुनिया की सबसे उन्नत बहुस्तरीय वायु रक्षा प्रणाली तैयार की है। इसमें सबसे अहम भूमिका अमेरिकी Patriot PAC-3 प्रणाली की है। यह हवा में ही दुश्मन की छोटी और मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों को टक्कर देकर नष्ट कर देती है। सऊदी अरब के पास इस प्रणाली की सैकड़ों रोधी मिसाइलें हैं, जो किसी भी हमले को बीच रास्ते में ही खत्म कर सकती हैं।
THAAD और दक्षिण कोरियाई प्रणाली-
Patriot के बाद THAAD प्रणाली आती है, जिसे दुनिया की सबसे उन्नत वायु रक्षा तकनीकों में गिना जाता है। यह दुश्मन की मिसाइलों को धरती के वातावरण के अंदर और बाहर दोनों जगह मार गिरा सकती है। सऊदी अरब ने 2025-26 में अपनी पहली THAAD इकाइयां तैनात कीं, जो मक्का और जेद्दा जैसे अहम इलाकों की निगरानी करती हैं।
इसके अलावा दक्षिण कोरिया की KM-SAM Block II प्रणाली भी तैनात है, यह मोबाइल प्रणाली अपनी सटीकता के लिए जानी जाती है और सऊदी अरब ने इसे अपनी रक्षा क्षमता को और विविध बनाने के लिए शामिल किया है।
चीनी लेज़र और तोपें-
ड्रोन हमलों से निपटने के लिए सऊदी अरब ने 30 किलोवाट की चीनी फाइबर लेज़र प्रणाली भी तैनात की है, जो दुश्मन के ड्रोन को कुछ ही पलों में जलाकर राख कर देती है और अगर कोई मिसाइल या ड्रोन इन सभी परतों को पार कर मक्का या मदीना की सीमा के करीब पहुंच जाए, तो Skyguard 35mm तोपें आखिरी रक्षा पंक्ति के रूप में खड़ी हैं। राडार की मदद से निशाना साधने वाली ये जुड़वां तोपें किसी भी खतरे को अंतिम क्षण में नष्ट कर देती हैं।
ये भी पढ़ें- जानिए कौन हैं Mojtaba Khamenei? इनके ईरानी सुप्रीम बनने से ट्रंप और इज़राइल को क्यों हो रही दिक्कत
हमले जारी, सतर्कता भी जारी-
शुक्रवार को सऊदी रक्षा मंत्रालय ने बताया, कि देश के मध्य में अल-खरज क्षेत्र के पास एक क्रूज़ मिसाइल को मार गिराया गया। इसके बाद रियाद के पास तीन ड्रोन भी नष्ट किए गए। उधर क़तर ने भी बताया, कि दोहा के अल उदेद हवाई अड्डे को निशाना बनाने वाले ड्रोन को सफलतापूर्वक रोक लिया गया। हमले बढ़ रहे हैं, लेकिन सऊदी अरब की रक्षा दीवार अभी भी मज़बूती से खड़ी है।
ये भी पढ़ें- Trump और Israel ने दी Iran के नए नेता को मारने की धमकी? ईरान ने क्यों रोका ऐलान



