Viral Video
    Photo Drag From X video

    Viral Video: मुंबई की सेंट्रल रेलवे लोकल ट्रेन में शुक्रवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया, जिसने यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे नियमों पर फिर से सवाल खड़े कर दिए। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) की ओर जा रही फास्ट लोकल के सेकंड क्लास लेडीज कोच में एक ऐसा यात्री सवार था, जिसने खुद को बुर्का पहनकर छिपा रखा था। शुरुआत में महिलाओं को शक हुआ, लेकिन जब उन्होंने उस यात्री से सवाल किए तो पता चला, कि वह कोई महिला नहीं बल्कि एक पुरुष है।

    सवाल-जवाब और बढ़ता शक-

    दोपहर के समय कोच में मौजूद महिलाओं को उसकी बॉडी लैंग्वेज और हरकतों से अजीब सा महसूस हुआ। जब महिलाओं ने उससे पूछा, कि वह महिला डिब्बे में क्यों सफर कर रहा है और बुर्का क्यों पहना है, तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई। कुछ यात्रियों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। महिलाओं ने साफ कहा, कि अगला स्टेशन घाटकोपर आने पर उसे पुलिस के हवाले किया जाएगा।

    चलती ट्रेन से कूदकर फरार हुआ आरोपी

    हालात बिगड़ते देख आरोपी ने एक खतरनाक कदम उठाया। ट्रेन के रुकने से पहले ही वह चलती लोकल से नीचे कूद गया और पटरियों के सहारे भागते हुए दूसरे प्लेटफॉर्म पर पहुंचा। वहां से उसने करजत जाने वाली लोकल ट्रेन पकड़ ली। यह पूरी घटना यात्रियों के लिए न सिर्फ चौंकाने वाली थी, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी बेहद गंभीर थी।

    पुलिस और RPF की जांच-

    घाटकोपर स्टेशन पर उतरकर महिलाओं ने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद रेलवे प्रशासन और पुलिस ने स्टेशन के CCTV फुटेज खंगाले, लेकिन आरोपी कैमरे में कैद नहीं हो सका। करजत जाने वाली लोकल को मुलुंड स्टेशन पर चेक किया गया, हालांकि तब तक आरोपी ट्रेन से उतर चुका था।

    ये भी पढ़ें- Viral Video: मोबाइल की बैटरी मुंह में लेते ही क्यों हुआ धमाका? खतरनाक वीडियो वायरल

    वीडियो वायरल होने के बाद दर्ज हुई FIR

    घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स हरकत में आई। RPF ने भारतीय रेलवे अधिनियम के तहत महिला डिब्बे में अनधिकृत यात्रा करने के आरोप में FIR दर्ज की है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है।

    ये भी पढ़ें- Viral Video: बेटे ने रोती बुजुर्ग मां को बस स्टैंड पर छोड़ा अकेला, वीडियो देख लोगों का टूटा दिल

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।