Khajuraho Food Poisoning
    Photo Source - X

    Khajuraho Food Poisoning: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक होटल में काम करने वाले आठ कर्मचारियों ने दोपहर करीब तीन बजे मिलकर खाना खाया, लेकिन किसी को नहीं पता था, कि यह खाना उनके लिए जानलेवा साबित होगा। इस हादसे में अब तक चार लोगों की जान जा चुकी है, जबकि पांच अन्य कर्मचारी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

    क्या हुआ उस दिन?

    द् इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, होटल के ये सभी कर्मचारी गार्डनिंग और मेंटेनेंस का काम संभालते थे। होटल परिसर के पीछे दो कमरे थे जहां ये लोग अपना खाना खुद बनाते थे। सोमवार दोपहर को इन्होंने चावल के साथ आलू-पत्तागोभी की सब्जी खाई। शाम होते-होते सभी आठों को तेज उल्टियां होने लगीं और हालत बिगड़ती चली गई। छतरपुर के चीफ मेडिकल हेल्थ ऑफिसर आर पी गुप्ता ने बताया कि खाना खाने के तुरंत बाद ही सभी कर्मचारियों की तबीयत खराब हो गई और उल्टियां शुरू हो गईं।

    इलाज के दौरान गंवाई जानें-

    मरीजों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश तीन मरीजों की मौत ग्वालियर में इलाज के दौरान हो गई, जबकि चौथे की जान ट्रांसफर के दौरान चली गई। मृतकों में प्रगीलाल कुशवाहा (45), गिरजा राजक (35), रामस्वरूप कुशवाहा (47), और बिहारी पटेल (60) शामिल हैं। सभी खजुराहो के ही रहने वाले थे। गंभीर हालत में भर्ती मरीजों में रोशनी राजक (35), गोलू अग्निहोत्री (25), और रवि (19) शामिल हैं, जो अभी वेंटिलेटर पर हैं।

    ये भी पढ़ें- IndiGo की मुसीबत से सीख लेकर Air India ने शुरू की Fog Care सेवा, जानिए क्या मिलेगी सुविधा

    प्रशासन ने शुरू की जांच-

    जिला कलेक्टर पार्थ जयसवाल ने प्रभावित परिवारों को 20,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। खाने के सैंपल फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने होटल की किचन और फूड क्वालिटी स्टैंडर्ड्स की जांच शुरू कर दी है। कलेक्टर ने आश्वासन दिया है कि इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

    ये भी पढ़ें- पूर्व CJI पर जूता फेंकने वाले वकील Rakesh Kishore को कोर्ट में मिली चप्पलों की मार, वीडियो वायरल

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।