Pakistan Social Media Mistake
    Photo Source - Google

    Pakistan Social Media Mistake: पाकिस्तान की राजनीति और कूटनीति इन दिनों एक अजीब से विवाद में घिर गई है। मामला एक ऐसी गलती से शुरू हुआ, जो पहली नजर में मामूली लग सकती थी, लेकिन देखते ही देखते यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शर्मिंदगी का कारण बन गया। प्रधानमंत्री Shehbaz Sharif के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से एक “ड्राफ्ट” मैसेज गलती से पोस्ट हो गया, जिसमें अंदरूनी निर्देश भी साफ नजर आ रहे थे।

    यह पोस्ट ईरान से जुड़े संघर्ष के बीच चल रहे सीजफायर प्रयासों से जुड़ा था, इसलिए इसका असर और भी ज्यादा गंभीर हो गया। सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे लेकर जमकर मजाक उड़ाया और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

    ‘पहलवान’ कौन है? सामने आए चौंकाने वाले आरोप-

    इस पूरे मामले में अचानक एक नाम चर्चा में आ गया “पहलवान”। यह नाम किसी आधिकारिक पद का नहीं, बल्कि एक निकनेम बताया जा रहा है। पत्रकार Absar Alam ने आरोप लगाया, कि यही शख्स प्रधानमंत्री के सोशल मीडिया अकाउंट को संभाल रहा था। आरोपों के मुताबिक, “पहलवान” के पास इस जिम्मेदारी के लिए जरूरी योग्यता नहीं थी, लेकिन एक प्रभावशाली मंत्री के समर्थन के कारण वह इस पद पर बना हुआ था। कहा गया, कि उसने व्हाट्सऐप से मिले मैसेज को बिना जांचे-परखे सीधे कॉपी-पेस्ट कर दिया, जिससे यह बड़ी चूक हो गई।

    जिम्मेदारी तय करने पर उठे सवाल-

    सबसे हैरान करने वाली बात यह र,ही कि इतनी बड़ी गलती के बावजूद कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, संबंधित व्यक्ति को सिर्फ कुछ दिनों तक प्रधानमंत्री के सामने न आने की सलाह दी गई। इससे यह सवाल और गहरा हो गया कि क्या सिस्टम में जवाबदेही (accountability) की कमी है? क्या बड़े स्तर की गलतियों को भी हल्के में लिया जा रहा है?

    बदर शहबाज का नाम आया-

    शुरुआत में इस मामले में Badar Shahbaz का नाम सामने आया, लेकिन अंदरूनी सूत्रों ने इसे गलत बताया। कहा गया, कि वह सीधे तौर पर सोशल मीडिया हैंडल नहीं करते। असल में “पहलवान” एक अलग पर्सनल सहायक बताया जा रहा है, जो आधिकारिक कम्युनिकेशन सिस्टम का हिस्सा नहीं है। यह खुलासा और भी चिंता बढ़ाता है कि देश के शीर्ष स्तर की जानकारी अनौपचारिक चैनलों के जरिए संभाली जा रही है।

    कूटनीतिक समय में हुई चूक ने बढ़ाई परेशानी-

    यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब पाकिस्तान खुद को अमेरिका और ईरान के बीच एक मध्यस्थ (mediator) के रूप में पेश कर रहा है। 28 फरवरी से बढ़े तनाव के बाद इस क्षेत्र में हालात बेहद नाजुक बने हुए हैं। ऐसे में इस तरह की गलती न सिर्फ देश की छवि को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि उसकी कूटनीतिक विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े करती है।

    ये भी पढ़ें- जानिए 9,000 साल पुराना चीन का चावल कैसे बना दुनिया का सबसे बड़ा स्टेपल फूड

    सिस्टम की कमजोरियों पर बड़ा सवाल-

    “पहलवान” विवाद सिर्फ एक सोशल मीडिया गलती नहीं है, बल्कि यह पाकिस्तान के प्रशासनिक ढांचे की गहरी कमजोरियों को उजागर करता है। अगर गैर-आधिकारिक लोग इतने महत्वपूर्ण काम संभाल रहे हैं, तो जोखिम बढ़ना तय है। आज के डिजिटल दौर में एक छोटी सी गलती भी बड़े संकट में बदल सकती है। इस मामले ने साफ कर दिया, कि मजबूत सिस्टम और स्पष्ट जिम्मेदारी तय करना कितना जरूरी है।

    ये भी पढ़ें- अमेरिका-इजरायल जंग में 140 ऐतिहासिक स्थल हुए तबाह, UNESCO ने जताई चिंता

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।