Viral Video
    Photo Source - Google

    Viral Video: अरुणाचल प्रदेश की दिबांग वैली यह नाम सुनते ही मन में हरे-भरे पहाड़ों और शांत वादियों की तस्वीर उभरती है। लेकिन इन्हीं खूबसूरत वादियों में स्थित मिश्मी हिल्स रिसॉर्ट, अनिनी में 20 फरवरी को कुछ ऐसा हुआ, जिसने पूरे सोशल मीडिया को हिलाकर रख दिया। गुजरात से आए कुछ पर्यटकों का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे रिसॉर्ट के स्टाफ से ज़ोर-ज़ोर से चिल्लाते और बदसलूकी करते नज़र आ रहे हैं।

    बाहर का खाना रोका तो भड़क उठे मेहमान-

    स्थानीय लोगों के मुताबिक, पूरा विवाद तब शुरू हुआ, जब रिसॉर्ट के स्टाफ ने पर्यटकों को बाहर से खाना और पेय पदार्थ लाने से मना किया। यह रिसॉर्ट की एक सामान्य नीति थी, लेकिन पर्यटकों को यह बात नागवार गुज़री। वायरल वीडियो में महिलाएं और पुरुष दोनों रिसॉर्ट परिसर में घूमते हुए स्टाफ पर चिल्लाते दिख रहे हैं। इस बीच वहां मौजूद दूसरे मेहमान आगे आए और स्टाफ का बचाव करने की कोशिश की।

    रिसॉर्ट ने जारी किया बयान-

    रिसॉर्ट प्रबंधन ने इस पूरे मामले पर इंस्टाग्राम पर एक विस्तृत बयान जारी किया। उन्होंने लिखा, कि मिश्मी हिल्स में हमेशा से देश-विदेश के सभी मेहमानों को गर्मजोशी और बेहतरीन सेवा देने की कोशिश की गई है। बयान में यह भी कहा गया, कि स्टाफ ने जब विनम्रता से बाहरी खाने-पीने की मनाही के बारे में बताया, तो पर्यटकों ने आक्रामक रवैया अपनाया और कथित तौर पर अपमानजनक व नस्लभेदी भाषा का इस्तेमाल किया। रिसॉर्ट ने यह भी आरोप लगाया, कि पर्यटकों ने संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और रिलायंस इंडस्ट्रीज़ जैसी बड़ी कंपनियों से अपने कथित संबंधों का हवाला देकर स्टाफ को डराने-धमकाने की कोशिश की।

    ये भी पढ़ें- Viral Video: पाकिस्तानी लड़की ने की अपने ही देश की बेइज़्ज़ती, कहा भारत चाहे तो कल ही..

    भड़का लोगों का गुस्सा-

    यह वीडियो X पर तेज़ी से फैला और लोगों ने तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूज़र ने लिखा, कि इनकी पहचान अरुणाचल के सभी होटल संघों के साथ साझा की जानी चाहिए, जिससे आगे ऐसी हरकतें न हों। किसी ने लिखा “कितनी बेशर्मी है।” इंस्टाग्राम पर एक यूज़र ने सलाह दी, कि FIR दर्ज करो और इन्हें सबक सिखाओ, मेहमाननवाज़ी का मतलब यह नहीं, कि गंदी भाषा भी सहन की जाए। एक और कमेंट में लिखा गया, कि रिसॉर्ट मालिक का इतने धैर्य के साथ जवाब देना ही सच्ची मेहमाननवाज़ी की निशानी है।

    ये भी पढ़ें- Viral Video: खाना खाने गए और डर के मारे रोने लगे लोग, कंकाल हॉरर रेस्टोरेंट ये वीडियो वायरल

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।