Greater Noida Petrol
    Photo Source - Google

    Greater Noida Petrol: शनिवार की वो घड़ी किसी के लिए भी भूलने वाली नहीं होगी, जो ग्रेटर नोएडा के सेक्टर Pi-1 स्थित एक पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने गए थे। पेट्रोल भरवाया, गाड़ी आगे बढ़ाई और कुछ ही दूर जाकर इंजन बंद हो गया। पहले एक, फिर दो, फिर पांच देखते ही देखते 25 से ज़्यादा कारें, बाइकें और स्कूटर सड़क पर खड़े हो गए। मैकेनिक बुलाए गए तो पता चला, कि टैंक में पेट्रोल नहीं बल्कि पानी था। बोतलों और बाल्टियों में नमूने दिखाए गए जिनमें साफ पानी और ईंधन का मिश्रण नज़र आ रहा था।

    हरिद्वार, दिल्ली, गुरुग्राम जाने वाले बीच रास्ते फंसे-

    यह घटना और इसलिए दर्दनाक है,क्योंकि इनमें से कई यात्री लंबे सफर पर निकले थे, कोई हरिद्वार जा रहा था, कोई दिल्ली और कोई गुरुग्राम और वो सभी बीच रास्ते में फंस गए। न गाड़ी चल रही थी, न आगे जाने का रास्ता था। जो सपने देखकर निकले थे उनके लिए यह यात्रा एक बुरे सपने में बदल गई। वाहन मालिकों ने पेट्रोल पंप संचालकों पर लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि इस मिलावट से इंजन को गंभीर नुकसान हो सकता है और पूरी तरह बेकार भी हो सकता है।

    पेट्रोल पंप पर हंगामा-

    जैसे-जैसे खबर फैली पेट्रोल पंप पर भीड़ जमा होती गई। लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर था। नुकसान की भरपाई की मांग होने लगी। हंगामा इतना बढ़ गया, कि पुलिस को मौके पर आना पड़ा। पुलिस ने किसी तरह माहौल शांत किया। कई प्रभावित ग्राहकों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाले जो तेज़ी से वायरल हो गए। लोगों ने अधिकारियों से जांच की मांग की और कहा, कि अगर गड़बड़ी साबित हो, तो पेट्रोल पंप का लाइसेंस रद्द किया जाए।

    ये भी पढ़ें- Viral Video: भारतीय छात्र को यूरोप हर महीने दे रहा है ₹1.5 लाख, वीडियो वायरल होने पर भड़का यूरोप

    मिलावट का यह खेल कब रुकेगा?

    यह घटना उन सभी के लिए एक बड़ी चेतावनी है, जो बिना सोचे-समझे किसी भी पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवा लेते हैं। पेट्रोल में पानी मिलाना न सिर्फ धोखाधड़ी है बल्कि यह लोगों की जान और संपत्ति दोनों के लिए खतरनाक है। एक खराब इंजन की मरम्मत में हज़ारों रुपये लग सकते हैं। अधिकारियों से मांग है, कि जांच जल्द हो, दोषियों पर कार्रवाई हो और प्रभावित लोगों को मुआवज़ा मिले।

    ये भी पढ़ें- Viral Video: एक ही ब्रांड की चॉकलेट, भारत में चीनी और पाम ऑइल, ऑस्ट्रेलिया में शुद्ध दूध, क्या हमें बेवकूफ बनाया जा रहा है?

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।