Rohit Sharma Padma Shri: गणतंत्र दिवस 2026 की पूर्व संध्या पर भारत सरकार ने देश के दो महान क्रिकेटर्स को पद्म श्री से सम्मानित करने का ऐलान किया है। टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा और महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार दिया जाएगा। पद्म श्री भारत का चौथा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है, जो उन लोगों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने क्षेत्र में असाधारण योगदान दिया हो और देश का नाम रोशन किया हो।
रोहित और हरमनप्रीत की शानदार उपलब्धियां-
रोहित शर्मा ने भारतीय टीम को 2024 T20 वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी की जीत दिलाई। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने नए मुकाम हासिल किए हैं। वहीं हरमनप्रीत कौर ने इतिहास रचते हुए भारतीय महिला टीम को 2025 वूमेन्स वर्ल्ड कप का खिताब दिलाया। यह पहली बार था जब भारतीय महिला टीम ने विश्व कप जीता। दोनों खिलाड़ियों की यह उपलब्धियां भारतीय क्रिकेट के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखी जाएंगी।
1960 से शुरू हुआ सफर-
पद्म श्री से सम्मानित होने वाले पहले क्रिकेटर विजय हजारे थे, जिन्होंने 1960 में यह सम्मान प्राप्त किया। उन्होंने भारत को पहली टेस्ट जीत दिलाई थी। उसी साल जसु पटेल को भी यह सम्मान मिला, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 9/69 का शानदार प्रदर्शन किया था। इसके बाद से लेकर अब तक कुल 39 क्रिकेटर्स को यह सम्मान मिल चुका है।
दिग्गजों की लंबी फेहरिस्त-
साल 1967 में मंसूर अली खान पटौदी को पद्म श्री मिला, जो भारत के सबसे युवा टेस्ट कप्तान बने थे। 1970 में बिशन सिंह बेदी और ईएएस प्रसन्ना जैसे महान स्पिनर्स को सम्मानित किया गया। 1982 में कपिल देव को यह अवॉर्ड मिला, जिन्होंने 1983 में भारत को पहला वर्ल्ड कप जिताया था। सचिन तेंदुलकर, जिन्हें “गॉड ऑफ क्रिकेट” कहा जाता है, को 1999 में पद्म श्री से नवाजा गया।
नई पीढ़ी के सितारे-
2000 के बाद राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली, अनिल कुंबले, एमएस धोनी, विरेंदर सहवाग, वीवीएस लक्ष्मण, युवराज सिंह, विराट कोहली, गौतम गंभीर, जहीर खान और रविचंद्रन अश्विन जैसे दिग्गजों को भी यह सम्मान मिल चुका है। महिला क्रिकेट में डायना एडुल्जी (2002), झूलन गोस्वामी (2012), अंजुम चोपड़ा (2014) और मिताली राज (2015) को पद्म श्री से सम्मानित किया जा चुका है।
ये भी पढ़ें- अब Shefali Bagga के साथ क्यों जुड़ रहा Yuzvendra Chahal का नाम, जानिए मामला
महिला क्रिकेट का बढ़ता सम्मान-
अब तक कुल पांच महिला क्रिकेटर्स को पद्म श्री मिल चुका है। हरमनप्रीत कौर का नाम इस लिस्ट में जुड़ना महिला क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि है। यह दर्शाता है, कि देश महिला खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और समर्पण को पहचान रहा है। भारतीय क्रिकेट में अब महिला और पुरुष खिलाड़ियों को समान सम्मान मिल रहा है, जो एक सकारात्मक बदलाव है।
ये भी पढ़ें- ICC का बड़ा फैसला! T20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश बाहर, इस देश को मिली एंट्री



