T20 World Cup 2026: ICC पुरुष T20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर क्रिकेट जगत में बड़ा विवाद सामने आया है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल करने का फैसला किया है। यह निर्णय करीब तीन हफ्तों तक चले ICC और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच तनावपूर्ण बातचीत के बाद लिया गया। विवाद की जड़ बांग्लादेश का भारत में खेलने से इनकार करना रहा, जहां उसने सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं जताई थीं।
ईमेल के जरिए बोर्ड को दी गई जानकारी-
ICC ने इस फैसले की जानकारी अपने बोर्ड सदस्यों को ईमेल के जरिए दी। ईमेल में साफ तौर पर कहा गया, कि BCB भारत में निर्धारित मैच शेड्यूल के तहत खेलने के लिए तैयार नहीं है, इसलिए बोर्ड के पहले से तय निर्णय के अनुसार, बांग्लादेश को टूर्नामेंट से रिप्लेस किया जा रहा है। ICC के इस संदेश के बाद यह लगभग तय हो गया, कि बांग्लादेश का T20 वर्ल्ड कप खेलना मुश्किल हो चुका है।
सुरक्षा चिंताओं पर ICC का रुख-
शनिवार को जारी अपने आधिकारिक बयान में ICC ने कहा, कि उसने BCB द्वारा उठाई गई सुरक्षा चिंताओं की गंभीरता से समीक्षा की। इसके लिए आंतरिक और बाहरी सुरक्षा विशेषज्ञों से स्वतंत्र आकलन करवाया गया। साथ ही भारत में होने वाले मैचों के लिए केंद्र और राज्य स्तर की सुरक्षा व्यवस्था, ऑपरेशनल प्लान और अतिरिक्त सुरक्षा प्रोटोकॉल भी साझा किए गए। ICC के अनुसार, इन सभी रिपोर्ट्स का निष्कर्ष यही था, कि बांग्लादेश टीम, अधिकारियों या फैंस के लिए भारत में कोई विश्वसनीय या ठोस सुरक्षा खतरा नहीं है।
आखिरी मौका और तय समयसीमा-
ICC बिजनेस कॉरपोरेशन बोर्ड की बैठक के बाद BCB को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया था, कि वह भारत में खेलने को लेकर अपना अंतिम फैसला बताए। ICC का कहना है, कि तय समयसीमा के भीतर कोई स्पष्ट पुष्टि नहीं मिली। इसके बाद ICC ने अपने गवर्नेंस और क्वालिफिकेशन प्रोसेस के तहत स्कॉटलैंड को रिप्लेसमेंट टीम के रूप में चुन लिया। शुक्रवार शाम को BCB को इस फैसले की आधिकारिक सूचना भी भेज दी गई।
विवाद समाधान समिति का रास्ता-
हालांकि, ESPNcricinfo की रिपोर्ट के मुताबिक BCB ने ICC को यह भी बताया कि वह इस मामले को डिस्प्यूट रेजोल्यूशन कमेटी में ले जाना चाहता है। यह स्पष्ट नहीं है कि BCB किस आधार पर इस समिति का रुख कर रहा है और ICC की इस पर क्या प्रतिक्रिया रही। नियमों के अनुसार, DRC ICC के फैसलों के खिलाफ अपील का मंच नहीं है, बल्कि केवल उनकी वैधता को चुनौती देने का अधिकार रखती है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि BCB को इस रास्ते से कोई राहत मिलती है या नहीं।
शेड्यूल बदलने से ICC का इनकार-
ICC बोर्ड का मानना है कि टूर्नामेंट शुरू होने के इतने करीब शेड्यूल में बदलाव करना संभव नहीं था। बोर्ड ने यह भी कहा कि बिना किसी ठोस सुरक्षा खतरे के शेड्यूल बदलना भविष्य के ICC इवेंट्स के लिए गलत मिसाल बन सकता है और संस्था की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर सकता है। इसी वजह से बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने का फैसला लिया गया।
ये भी पढ़ें- बांग्लादेश ने T20 वर्ल्ड कप का क्यों किया Boycott? जानिए असली वजह
ग्रुप और मैचों में बदलाव-
बांग्लादेश को ग्रुप C में रखा गया था और उसके शुरुआती तीन मैच कोलकाता में, जबकि चौथा मैच मुंबई में होना था। अब ये सभी मुकाबले स्कॉटलैंड खेलेगा। गुरुवार को बांग्लादेश सरकार और BCB ने फिर दोहराया कि टीम भारत नहीं जाएगी। BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने ICC पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप भी लगाया, खासकर पाकिस्तान में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के मामले को लेकर।
ये भी पढ़ें- IPL vs PSL: क्यों पाकिस्तानी मालिक को लगता है उनका सिस्टम बेहतर, वो 3 कारण जो नहीं आएंगे भारतीय फैंस को पसंद



