IPL Name Controversy
    Photo Source - Google

    IPL Name Controversy: करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर आई है। केरल हाईकोर्ट ने एक ऐसी जनहित याचिका खारिज कर दी जिसमें “इंडियन प्रीमियर लीग” यानी IPL के नाम को ही गैरकानूनी बताने की मांग की गई थी। यह याचिका एर्णाकुलम के समाजसेवी आशिक करोत ने दाखिल की थी। उनका कहना था, कि BCCI एक निजी संस्था है और सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय खेल महासंघ नहीं है। ऐसे में नाम में “इंडियन” शब्द के इस्तेमाल से आम लोगों में यह गलत धारणा बनती है, कि यह किसी सरकारी या राष्ट्रीय संस्था का आयोजन है।

    याचिका में क्या थे आरोप?

    याचिकाकर्ता ने दावा किया कि नाम में “इंडियन” शब्द का इस्तेमाल प्रतीक और नाम अधिनियम 1950 का उल्लंघन है, जो किसी भी निजी संस्था को बिना केंद्र सरकार की अनुमति के कुछ संरक्षित नामों के इस्तेमाल से रोकता है। उनका तर्क था, कि BCCI तमिलनाडु में पंजीकृत एक निजी सोसायटी है। इसलिए वो “इंडियन” जैसे शब्द का इस्तेमाल नहीं कर सकती। यह सुनने में भले ही अजीब लगे लेकिन कानूनी दांव-पेच की दुनिया में ऐसी याचिकाएं अक्सर बड़ी मुसीबत खड़ी कर देती हैं।

    अदालत ने दो टूक में नकारा-

    मुख्य न्यायाधीश सौमेन सेन और न्यायमूर्ति श्याम कुमार वी.एम. की पीठ ने इस दलील को सिरे से नकार दिया। अदालत ने सीधा सवाल किया, कि IPL लगभग दो दशकों से इसी नाम से चल रही है और 18 कामयाब सीज़न पूरे हो चुके हैं, तो अब अचानक यह एहसास क्यों हुआ कि यह नाम गैरकानूनी है? अदालत ने याचिका को बिल्कुल निराधार बताते हुए, इसे शुरुआती स्तर पर ही खारिज कर दिया और जनहित याचिका के रूप में सुनने से भी इनकार कर दिया।

    IPL 2026 के लिए क्यों ज़रूरी था यह फैसला?

    IPL 2026 का पहला मैच 28 मार्च को होना है और ऐसे में अगर नाम को लेकर कोई कानूनी अड़चन आती तो प्रसारण से लेकर प्रायोजन तक हर चीज़ पर असर पड़ सकता था। करोड़ों दर्शक और अरबों रुपये का कारोबार दांव पर होता। हाईकोर्ट के इस फैसले ने वह रास्ता साफ कर दिया और BCCI को बड़ी राहत मिली।

    ये भी पढ़ें- IPL 2026 का पूरा Schedule जारी, जानिए कब किस टीम का कहां होगा मैच

    BCCI की कानूनी मुश्किलें पूरी तरह खत्म नहीं-

    यह जीत BCCI के लिए सुकून की बात ज़रूर है, लेकिन उसकी कानूनी परेशानियां पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। कुछ महीने पहले ही बम्बई हाईकोर्ट ने BCCI को बंद हो चुकी कोची टस्कर्स केरल टीम को 538 करोड़ रुपये चुकाने का आदेश दिया था। दक्षिण भारत की अदालतों में BCCI से जुड़े मामले आते-जाते रहते हैं। लेकिन फिलहाल IPL 2026 की राह साफ है और क्रिकेट के दीवाने 28 मार्च का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।

    ये भी पढ़ें- T20 World Cup Final: New Zealand को हराकर India बनी 5 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली एशियाई टीम, जानिए स्कोर

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।