Healthy Millet Recipes
    Symbolic Photo Source - Google

    Healthy Millet Recipes: आजकल हर कोई यह जानना चाहता है, कि खाना ऐसा हो, जो सेहत भी बनाए और जीभ को भी खुश रखे। बाजरा, रागी, ज्वार जैसे देसी अनाज अब फिर से थाली में वापस आ रहे हैं और लोग पौधों से मिलने वाले प्रोटीन को अपनी दिनचर्या में शामिल कर रहे हैं। लेकिन सवाल यह है, कि यह सब बनाएं कैसे जो खाने में भी अच्छा लगे। इसी सवाल का जवाब लेकर सेलिब्रिटी शेफ गौतम कुमार ने चार ऐसी रेसिपी शेयर की हैं, जो सेहत और स्वाद का बेजोड़ मेल हैं।

    मिलेट दाल सूप कच्चे आम और सुनहरे लहसुन के साथ-

    यह सूप चार तरह की दालों, तूर, मूंग, मलका मसूर और चना दाल को मिलाकर बनता है। इसमें ज्वार और रागी के आटे का तड़का और कच्चे आम की खटास मिलाई जाती है। प्रेशर कुकर में चार सीटी आने तक पकाएं, फिर घी में सुनहरा लहसुन, जीरा, साबुत लाल मिर्च और हींग का तड़का लगाएं। भुने हुए मिलेट का आटा मिलाएँ और धनिये से सजाकर गरमागरम परोसें। यह सूप पेट के लिए हल्का और स्वाद में भरपूर है।

    प्रोसो मिलेट और सब्जियों की सीख कबाब-

    यह कबाब उन लोगों के लिए है, जो वेज कबाब का मज़ा लेना चाहते हैं। प्रोसो मिलेट को एक घंटे भिगोकर उबालें और घी में भूनें। गाजर, फ्रेंच बीन्स, फूलगोभी और हरी मटर को बारीक काटकर घी में भूनें। इसमें उबला आलू, कद्दूकस पनीर, भुना बेसन और मसाले मिलाकर गूंधें और सीख पर लपेटकर कोयले की आँच पर या ओवन में 200 डिग्री पर सेंकें। मक्खन से बीच-बीच में चुपड़ते रहें। परोसते वक्त चाट मसाला छिड़कें और पुदीने की चटनी के साथ गरम-गरम खाएँ।

    केसर राजगिरा फिरनी-

    मीठे का मन हो, तो यह फिरनी आजमाएं। घी में राजगिरे का आटा हल्का सुनहरा होने तक भूनें। दूध को उबालकर आधा करें, फिर उसमें भुना आटा और इलायची पाउडर मिलाएं। चीनी डालकर गाढ़ा होने तक पकाएं। गुनगुने दूध में केसर भिगोकर मिलाएं और कटोरियों में ठंडा करके परोसें। यह फिरनी आम चावल की फिरनी से ज्यादा पौष्टिक है और रंग और खुशबू में भी कमाल की है।

    ये भी पढ़ें- LPG सिलेंडर की किल्लत से परेशान? पुणे के इंजीनियर ने रसोई के कचरे से घर पर ही बनाई खाना पकाने की गैस

    केसर समक कुल्फी-

    गर्मियों के लिए यह कुल्फी एकदम सही है। समक के चावल को चार घंटे गुनगुने पानी में भिगोकर महीन पीसें और छानकर दूधिया पेस्ट बनाएं। दूध को आधा होने तक उबालें फिर इसमें मिलेट का पेस्ट धीरे-धीरे मिलाते हुए पांच से सात मिनट चलाते रहें। चीनी, इलायची, काजू, पिस्ता और केसर वाला दूध मिलाएं। ठंडा होने पर सांचों में भरकर छह से आठ घंटे जमाएं। परोसने से पहले सांचे को गरम पानी में डुबोएं और मजेदार कुल्फी का आनंद लें।

    ये भी पढ़ें- गैस सिलेंडर बचाना है तो अपनाएं ये Smart Cooking Tricks, Indian Oil ने बताया कैसे करें 25% तक की बचत

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।