Morni Hills
    Photo Source - Instagram

    Morni Hills: जब जीवन की तेज़ रफ्तार, शहरी शोर और गर्मी से मन उकता जाए, तो दिल किसी ऐसी जगह जाना चाहता है जहां सिर्फ शांति हो, हरियाली हो और सुकून हो। ऐसे में हरियाणा की पहाड़ियों में बसी मोरनी हिल्स एक शानदार विकल्प बनकर सामने आती है। यह जगह न सिर्फ मन को ठंडक देती है, बल्कि आपकी थकान भी उतार देती है।

    कहां है Morni Hills?

    मोरनी हिल्स हरियाणा के पंचकूला ज़िले में स्थित है। यह चंडीगढ़ से लगभग 45 किलोमीटर और पंचकूला से 30 किलोमीटर दूर है। समुद्र तल से लगभग 1,220 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह हिल स्टेशन हरियाणा की एकमात्र हिल स्टेशन मानी जाती है।

    क्यों जाएं Morni Hills?

    1. प्राकृतिक सौंदर्य और हरियाली

    यहां के घने जंगल, घाटियां, ऊंची पहाड़ियां और ठंडी हवाएं मन को सुकून देती हैं। सुबह-सुबह पक्षियों की चहचहाहट और पहाड़ी ठंडक एक अलग ही अनुभव कराती है।

    2. पक्षी प्रेमियों का स्वर्ग

    यह जगह रंग-बिरंगे पक्षियों और जैव विविधता के लिए मशहूर है। खासकर सुबह और शाम के वक्त यहां पक्षियों की आवाज़ों से पूरा इलाका गूंज उठता है।

    3. लेक और बोटिंग का मज़ा

    मोरनी हिल्स में दो सुंदर झीलें (Tikkar Tal) हैं, एक बड़ा ताल और एक छोटा ताल। यहां आप बोटिंग कर सकते हैं या किनारे बैठकर झील के शांत पानी में खुद को खो सकते हैं।

    4. एडवेंचर एक्टिविटी और ट्रेकिंग

    मोरनी हिल्स सिर्फ शांत वातावरण के लिए ही नहीं जानी जाती, बल्कि यहां रोमांच पसंद लोगों के लिए भी बहुत कुछ है। यहां मौजूद ट्रेकिंग ट्रेल्स, रोप क्लाइंबिंग और ज़िपलाइन जैसी एडवेंचर एक्टिविटीज़ आपके ट्रिप को यादगार बना सकती हैं। यहां हर कदम पर प्रकृति का रोमांच और ऊर्जा महसूस होती है।

    पास के दर्शनीय स्थल-

    • मोरनी फोर्ट – एक प्राचीन किला, जो पहाड़ी की चोटी पर स्थित है।
    • तिक्कर ताल (Tikkar Tal) – शांत झील, बोटिंग और पिकनिक के लिए आदर्श स्थान।
    • गुज्जर कोटला ट्रेक, बंजारा टॉप, और जंगल के रास्ते ट्रेकिंग करने का अलग ही रोमांच है।

    ठहरने की व्यवस्था-

    यहां ठहरने के लिए हरियाणा पर्यटन विभाग द्वारा संचालित गेस्ट हाउस के साथ-साथ कई निजी होटल्स और रिसॉर्ट्स भी मौजूद हैं। चाहे आप परिवार के साथ हों या दोस्तों के साथ, यहां हर किसी के बजट और सुविधा के हिसाब से ठहरने की बेहतरीन व्यवस्था है। पहाड़ियों के बीच सुबह उठकर खिड़की से झांकता सूरज और हरियाली की ठंडी हवा – ये अनुभव आपको लंबे समय तक याद रहेंगे।

    जाने का सही समय-

    अक्टूबर से मार्च – ठंडी और साफ मौसम का सबसे अच्छा समय। गर्मियों में भी यह इलाका चंडीगढ़ और आसपास के लोगों के लिए वीकेंड डेस्टिनेशन बना रहता है।

    ये भी पढ़ें- भारत की आइसक्रीम का जादू! दुनिया की टॉप 100 में शामिल हुए ये 5 देसी स्वाद

    कैसे पहुंचें?

    चंडीगढ़ एयरपोर्ट/रेलवे स्टेशन सबसे पास है। यहां से टैक्सी या कैब लेकर सीधे मोरनी हिल्स पहुंचा जा सकता है। निजी वाहन से ड्राइव करना भी एक खूबसूरत अनुभव है।

    मोरनी हिल्स उन लोगों के लिए एक आदर्श गंतव्य है जो भीड़ से दूर, प्रकृति के करीब और सुकून भरे माहौल में कुछ वक्त बिताना चाहते हैं। यह जगह ना सिर्फ आपको रिलैक्स करती है, बल्कि रोमांच, प्राकृतिक सुंदरता और लोककथा से भी भरपूर अनुभव देती है।

    ये भी पढ़ें- वैज्ञानिकों ने बनाया ऐसा लिविंग मर्टिरियल, जो हवा से कार्बन डाइऑक्साइड को सोख लेता है