MP Minister Brother Threaten: मध्यप्रदेश के अलीराजपुर में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने प्रशासनिक तंत्र को हिलाकर रख दिया। अनुसूचित जाति कल्याण के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई इंदर सिंह चौहान ने जनपद CEO प्रिया काग को उनके दफ्तर में ही धमकी दी। उन्होंने कहा, “दांत तोड़ दूंगा और यहीं ज़िंदा दफना दूंगा।” यह घटना 22 अप्रैल को दोपहर करीब 3 बजे जनपद पंचायत कार्यालय में हुई और CCTV कैमरों में कैद हो गई। पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के आवेदन रद्द होने पर भड़के चौहान-
प्रिया काग ने अपनी शिकायत में बताया, कि जब वे आधिकारिक काम के लिए जनपद कार्यालय पहुंचीं, तो इंदर सिंह चौहान मुख्य द्वार के पास खड़े थे। वे मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत कुछ आवेदनों के रद्द होने को लेकर नाराज़ थे। प्रिया काग ने उन्हें समझाया, कि नियमों के अनुसार जिन महिलाओं की शादी पहले हो चुकी थी और जिन्होंने फर्जी निमंत्रण कार्ड जमा किए थे, उनके आवेदन रद्द किए गए। लेकिन यह सुनते ही चौहान और भड़क गए।
यहां सब मेरी मर्जी से होगा-
प्रिया काग के अनुसार, चौहान ने चिल्लाते हुए कहा, “यहां जनपद में सब कुछ मेरी मर्जी से होगा। तुम कौन होती हो मुझे बताने वाली?” इसके बाद उन्होंने धमकी दी, “दांत तोड़ दूंगा और यहीं ज़िंदा दफना दूंगा।” जब प्रिया वहां से जाने लगीं, तो चौहान ने उनका रास्ता रोका और पीछे के कमरे तक उनका पीछा किया। CCTV फुटेज में साफ दिखता है, कि दो लोग उन्हें पकड़कर रोक रहे हैं, लेकिन वे महिला अधिकारी की तरफ बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं।
पहले भी हटवाए थे दफ्तर के कैमरे-
प्रिया काग ने यह भी आरोप लगाया, कि इससे पहले भी चौहान ने उनकी गैरमौजूदगी में उनके कार्यालय कक्ष के कैमरे हटवा दिए थे। उन्होंने शिकायत में लिखा, कि इस घटना के बाद वे अपने कार्यस्थल और घर दोनों जगह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
ये भी पढ़ें- नकली चाय का बड़ा खुलासा, जानिए कैसे करें असली और नकली की पहचान
मंत्री ने माना भाई का नाम-
जब मंत्री नागर सिंह चौहान से संपर्क किया गया, तो उन्होंने माना, कि आरोपी उनका भाई है, लेकिन किसी भी आरोप पर टिप्पणी से इनकार कर दिया। यह मामला उस दौर में आया है, जब मध्यप्रदेश में ही एक अन्य BJP विधायक के बेटे पर 5 लोगों को थार से कुचलने का आरोप था और विधायक ने पुलिस को धमकी दी थी।
ये भी पढ़ें- 31 साल बाद पकड़ाया 13 साल के बच्चे का हत्यारा, यूट्यूबर और सामाजिक कार्यकर्ता बनकर छुपा



