Dengue Vaccine: भारत ने हाल ही में सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। देश की पहली डेंगू वैक्सीन, Qdenga (TAK-003), को मंजूरी मिल गई है। यह वैक्सीन Takeda Pharmaceutical Company द्वारा विकसित की गई है और Biological E द्वारा भारत में निर्मित की जाएगी। यह वैक्सीन इस साल के आखिर तक लॉन्च होने की संभावना है और यह उस वक्त पर आई है, जब डेंगू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
डेंगू एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या-
डेंगू एक मच्छर जनित बीमारी है, जो विशेष रूप से एडीज एज़िप्टी मच्छर से फैलती है। भारत में यह बीमारी अब महामारी का रूप ले चुकी है और हर साल इसके कारण हजारों लोग प्रभावित होते हैं। डेंगू का इलाज मुश्किल होता है, क्योंकि यह शरीर की रोग प्रतिकारक क्षमता को कमजोर कर देता है और इसके लिए निरंतर चिकित्सा देखभाल की आवश्यकता होती है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, डेंगू के मामले 2020 में 44,000 थे, जो 2023 और 2024 में 230,000 से ज्यादा हो गए। 2025 में यह संख्या 113,000 से ऊपर पहुंच गई थी। हालांकि असल संख्या इससे कहीं ज़्यादा हो सकती है, क्योंकि कई मामले रिपोर्ट नहीं होते।
Qdenga वैक्सीन कैसे काम करती है?
Qdenga एक लाइव एटेन्यूएटेड टेट्रावैलेंट डेंगू वैक्सीन है, जो डेंगू के चार प्रमुख वायरस (DEN-1, DEN-2, DEN-3 और DEN-4) से बचाव करने के लिए डिज़ाइन की गई है। यह वैक्सीन उन लोगों के लिए भी प्रभावी है जो पहले डेंगू से संक्रमित हो चुके हैं और जिनको पहले डेंगू का कोई संक्रमण नहीं हुआ। यह शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को सभी डेंगू वायरस की पहचान करने और उससे लड़ने के लिए प्रशिक्षित करती है। इस वैक्सीन के दो डोज दिए जाते हैं, जो आमतौर पर तीन महीने के अंतराल में दिए जाते हैं।
वैश्विक स्तर पर, Qdenga को 60,000 से अधिक प्रतिभागियों पर परीक्षण किया गया है और इसे 40 से अधिक देशों में मंजूरी मिल चुकी है। इसके अलावा, इस वैक्सीन को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) से प्री-योग्यता भी प्राप्त है, जो इसके सुरक्षा और प्रभावशीलता को साबित करता है।
किसे लगवानी चाहिए डेंगू वैक्सीन?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है, कि डेंगू वैक्सीन उन लोगों के लिए सबसे अधिक फायदेमंद होगी, जो डेंगू के खतरे वाले क्षेत्रों में रहते हैं या उन लोगों के लिए जिनका शरीर पहले डेंगू के संपर्क में आ चुका हो। प्राथमिक रूप से जिन लोगों को यह वैक्सीन लगवानी चाहिए उनमें शामिल हैं:-
- बच्चे जो डेंगू से होने वाली जटिलताओं के लिए अधिक संवेदनशील होते हैं।
- बुजुर्ग लोग जो गंभीर बीमारी का शिकार हो सकते हैं।
- डेंगू से प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोग।
- आउटडोर काम करने वाले लोग, जो मच्छरों के संपर्क में आते हैं।
- हाई-रिस्क क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोग।
क्या वैक्सीन अकेला समाधान है?
विशेषज्ञों का मानना है, कि डेंगू वैक्सीन अकेला समाधान नहीं है, बल्कि यह एक अतिरिक्त सुरक्षा परत है। डेंगू से बचने के लिए कुछ अन्य आवश्यक उपाय भी अपनाए जाने चाहिए। इन उपायों में शामिल हैं:-
- मच्छर जनित बीमारी को फैलने से रोकने के लिए पानी को जमा होने से बचाएं।
- मच्छर भगाने वाली क्रीम और नेट्स का इस्तेमाल करें।
- पूरे कपड़े पहनें जिससे मच्छर त्वचा तक न पहुंच सकें।
- स्वच्छता बनाए रखें और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखें।
वैक्सीन के साइड इफेक्ट्स-
ज्यादातर वैक्सीन्स की तरह, Qdenga के कुछ हल्के साइड इफेक्ट्स हो सकते हैं, जैसे हल्का बुखार, सिरदर्द, थकावट और इंजेक्शन स्थल पर दर्द। हालांकि, गंभीर साइड इफेक्ट्स बहुत कम होते हैं और कुल मिलाकर सुरक्षा डेटा बहुत ही सकारात्मक हैं।
ये भी पढ़ें- काले जादू के नाम पर परिवार तोड़ने का खेल, कानून बना, लेकिन नियम आज भी क्यों नहीं?
Qdenga की मंजूरी डेंगू की रोकथाम में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। अगर यह भारत के स्वास्थ्य कार्यक्रमों में प्रभावी तरीके से शामिल किया जाता है, तो यह डेंगू के बोझ को काफी हद तक कम कर सकता है। भारत सरकार के स्वास्थ्य विभाग और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद की मदद से, यह वैक्सीन बड़े पैमाने पर लागू हो सकती है और लाखों लोगों को डेंगू से सुरक्षा प्रदान कर सकती है।
ये भी पढ़ें- गुरुग्राम में स्कूल प्रिंसिपल ने किया बच्चों के भविष्य से खिलवाड़, नकली CBSE मान्यता दिखाकर छात्रों को ठगा



