Priyanka Jagga
    Photo Source - Google

    Priyanka Jagga: बिग बॉस के इतिहास में शायद ही कोई ऐसी प्रतियोगी होगी, जिसकी वापसी इतनी चर्चा में हो। प्रियंका जग्गा, जो 8 साल पहले बिग बॉस 10 में सलमान खान से भिड़ गई थीं और जिन्हें शो से बाहर का रास्ता दिखाना पड़ा था, अब एक बार फिर उसी घर में वापसी की तैयारी कर रही हैं।

    सोशल मीडिया पर किया बड़ा खुलासा-

    मंगलवार को प्रियंका ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ तस्वीरें शेयर कीं, जो उनके बिग बॉस 10 के दिनों की थीं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने एक लंबा पोस्ट लिखा, जिसमें उन्होंने अपने दिल की बात कही। उन्होंने लिखा, “10 साल पहले मैं बिग बॉस नाम के एक शो का हिस्सा थी। इसने मेरी जिंदगी बदल दी – लेकिन सब कुछ आसान नहीं था। मेरी होस्ट सलमान खान से लड़ाई हुई थी और मैं चली गई शो से। चकाचौंध की दुनिया से। शोर-शराबे से। लेकिन अब, अचानक से बिग बॉस ने फिर से आवाज लगाई है। हां, इस सीजन में, वे मुझे वापस चाहते हैं।”

    अब शोहरत नहीं, मन की शांति चाहिए-

    प्रियंका का कहना है, कि अब वो वही पुरानी प्रियंका नहीं हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, “यह सीजन राजनीति के बारे में है। बात यह है, कि मैं ठीक हो गई हूं। मैंने एक नई जिंदगी बनाई है। अब मैं रोशनी या सुर्खियों के पीछे नहीं भाग रही। लेकिन यह प्रस्ताव एक सफलता की तरह लग रहा है। शोहरत के लिए नहीं। बल्कि शायद मन की शांति के लिए। शायद हिम्मत के लिए। शायद कुछ और के लिए। मैं दुविधा में हूं। क्या मैं हां कहूं? या शांति के साथ चली जाऊं?”

    कुछ घंटे बाद उन्होंने एक और पोस्ट डाला, जिसमें उन्होंने पुष्टि की, कि वे बिग बॉस 19 में शामिल हो रही हैं। उन्होंने लिखा, मुझे नहीं पता, कि पहले किसका शुक्रिया अदा करूं – मैं बहुत भावुक हूं। मेरा हमेशा से उन लोगों के लिए गहरा सम्मान रहा है, जो देते हैं, माफ करते हैं और भूल जाते हैं।

    2016 की वो रात-

    साल 2016 में प्रियंका जग्गा का बिग बॉस 10 से बाहर होना टेलीविजन की सबसे विवादास्पद घटनाओं में से एक थी। जब सलमान खान प्रियंका को लोपामुद्रा रॉत और मनु पंजाबी के साथ गलत व्यवहार के लिए डांट रहे थे, तो वो जवाब देती रहीं। इससे सलमान इतने गुस्से हो गए, कि उन्होंने प्रियंका को “अपने घर” से बाहर निकलने को कहा। सलमान ने तो यहां तक धमकी दी थी, कि अगर कलर्स चैनल प्रियंका को किसी भी शो में लाएगा, तो वे चैनल से अपना रिश्ता तोड़ लेंगे।

    ये भी पढ़ें- Son of Sardar 2 Review: जानिए कैसी है अजय देवगन की मशहूर कॉमेडी फिल्म का सीक्वल

    एक नई शुरुआत की उम्मीद-

    प्रियंका जग्गा की यह वापसी सिर्फ एक रियलिटी शो में भागीदारी नहीं है। यह एक दूसरे मौके की कहानी है, माफी और क्षमा की कहानी है। 8 साल बाद जब वो उसी घर में वापस जाएंगी, जहां से उन्हें बेइज्जत होकर निकलना पड़ा था, तो यह निश्चित रूप से एक भावनात्मक पल होगा। अब देखना यह है, कि क्या प्रियंका सच में बदल गई हैं या फिर पुराना नाटक फिर से शुरू हो जाएगा। उनकी यह वापसी टेलीविजन जगत के लिए एक बड़ी घटना है और दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

    ये भी पढ़ें- Arijit Singh एक शो के लिए लेते हैं कितने रुपए? मॉन्टी शर्मा ने किया खुलासा