Praneet More: सोशल मीडिया पर इन दिनों 370 रुपये की चिकन बिरयानी को लेकर शुरू हुआ, विवाद लगातार चर्चा में बना हुआ है। यह मामला तब सुर्खियों में आया, जब कॉमेडियन प्रणीत मोरे के गुरुग्राम में आयोजित एक शो का वीडियो वायरल हो गया। वीडियो में दर्शकों के बीच बैठे एक शख्स ने ऐसा बयान दिया, जिसे लेकर लोगों में गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते यह क्लिप इंटरनेट पर फैल गई और सहमति (Consent), महिलाओं के प्रति सोच और कॉमेडी की सीमाओं को लेकर नई बहस शुरू हो गई।
इस बयान पर मचा बवाल-
वायरल वीडियो में वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा ने दावा किया, कि उन्होंने एक महिला के लिए 370 रुपये की चिकन बिरयानी खरीदी थी। इसके बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, कि उन्हें उस खर्च का कुछ “रिटर्न” मिलने की उम्मीद थी। हिमांशु ने यह भी बताया, कि जब महिला ने खाना खाने के बाद उन्हें घर छोड़ने के लिए कहा, तो वह हैरान रह गए। अपनी प्रतिक्रिया बताते हुए उन्होंने कहा, “मैंने कहा कि 370 रुपये लगे हैं, तो उसे वसूल तो करूंगा ही।”
यह स्टेटमेंट सोशल मीडिया यूजर्स को बिल्कुल पसंद नहीं आई। कई लोगों ने इसे महिलाओं के प्रति अपमानजनक और सहमति जैसे गंभीर मुद्दे का मजाक उड़ाने वाला बयान बताया। लोगों का कहना था, कि किसी पर पैसा खर्च करने का मतलब किसी भी तरह का अधिकार हासिल करना नहीं होता।
प्रणीत मोरे की प्रतिक्रिया भी बनी विवाद की वजह
विवाद केवल हिमांशु के बयान तक सीमित नहीं रहा। लोगों ने कॉमेडियन प्रणीत मोरे को भी निशाने पर लिया। क्योंकि उन्होंने उस स्टेटमेंट का विरोध करने के बजाय मंच पर हंसते हुए प्रतिक्रिया दी। बाद में उसी क्लिप को सोशल मीडिया पर शेयर किए जाने से नाराजगी और बढ़ गई। आलोचकों का कहना है, कि ऐसे कंटेंट को एडिट करके और प्रमोट करके उसे अप्रत्यक्ष रूप से स्वीकार्यता दी जाती है।
एल्विश यादव ने कसा तीखा तंज-
यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता एल्विश यादव ने भी इस विवाद पर खुलकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, कि 370 रुपये की बिरयानी ने दो चीजें एक्सपोज कर दी हैं, एक वह इंसान जिसे लगा, कि सहमति की भी कोई कीमत होती है और दूसरा कॉमेडियन जिसे लगा, कि हर असहज खामोशी को हंसी में बदला जा सकता है। एल्विश का ये कमेंट तेजी से वायरल हुआ और बड़ी संख्या में लोगों ने उनके विचारों का समर्थन किया।
कुशा कपिला ने उठाया जवाबदेही का मुद्दा-
कंटेंट क्रिएटर कुशा कपिला ने भी इस मामले पर अपनी राय रखी। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में उन्होंने कहा, कि अगर किसी दर्शक के बयान को एडिट करके, पैकेजिंग करके और सोशल मीडिया पर पोस्ट किया जाता है, तो उससे यह नहीं कहा जा सकता, कि वह विचार मंच या कलाकार से जुड़ा नहीं है। कुशा के अनुसार, किसी विवादित बयान को बढ़ावा देना उसे वैधता देने जैसा है और कंटेंट क्रिएटर्स को अपनी जिम्मेदारी से बचना नहीं चाहिए।
ये भी पढ़ें- Amir Khan ने किया कन्फर्म, जल्द आएगी 3 Idiots 2, फिल्म की कहानी को लेकर भी दिया बड़ा अपडेट
माफी, नौकरी और बड़ी बहस-
विवाद बढ़ने के बाद हिमांशु जांगड़ा ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और अपना सोशल मीडिया अकाउंट डीएक्टिवेट कर दिया। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी गुरुग्राम स्थित कंपनी ने भी उन्हें नौकरी से हटा दिया है। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है, कि कॉमेडी के नाम पर क्या कुछ अलाउड है और सेंसिटिव टॉपिक पर कंटेंट बनाते समय क्रिएटर्स की जिम्मेदारी कितनी महत्वपूर्ण है। फिलहाल यह विवाद केवल एक वायरल क्लिप तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि समाज में सहमति, सम्मान और जवाबदेही को लेकर गंभीर चर्चा का विषय बन चुका है।
ये भी पढ़ें- Kara Movie Review: धनुष की इस फिल्म में कितना है दम? जानिए क्या है स्टोरी



