Arijit Singh: बॉलीवुड के सबसे मशहूर प्लेबैक सिंगर अरिजीत सिंह की आवाज़ में जादू है। उनके गाए गीत दिलों को छू जाते हैं और हर कॉन्सर्ट में हजारों फैन्स उनकी आवाज़ के दीवाने होकर झूमते रहते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है, कि इस जादुई आवाज़ का मालिक एक शो के लिए कितनी फीस लेता है? हाल ही में लल्लनटॉप के साथ एक खास बातचीत में म्यूजिक कंपोजर मॉन्टी शर्मा ने अरिजीत सिंह की फीस का राज खोला है, जिसे जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे।
संगीत की दुनिया में एक बड़ा नाम है मॉन्टी शर्मा का। उन्होंने अपने करियर में कई हिट फिल्मों का संगीत दिया है और अरिजीत सिंह के साथ भी काम किया है। मॉन्टी ने बताया, कि अरिजीत सिंह आज के समय में एक शो के लिए 2 करोड़ रुपए तक चार्ज करते हैं। यह रकम सुनकर ही समझ आ जाता है, कि कितनी बड़ी स्टार वैल्यू है अरिजीत की।
म्यूजिक इंडस्ट्री में आए बदलाव की कहानी-
मॉन्टी शर्मा ने संगीत की दुनिया में आए बदलावों के बारे में दिलचस्प जानकारी साझा की। उन्होंने बताया, कि पुराने ज़माने में एक पूरा गाना सिर्फ 2 लाख रुपए में तैयार हो जाता था। इसमें पूरा ऑर्केस्ट्रा शामिल होता था, जिसमें 40 वायलिन और कई अन्य वाद्य यंत्र होते थे। समय के साथ जब मॉन्टी ने अपना नाम बनाया, तो वे एक गाने के लिए 35,000 रुपए चार्ज करने लगे।
मॉन्टी ने याद करते हुए बताया, कि “जब अरिजीत मेरे साथ बैठकर काम करता था, तो वह लगातार 6 घंटे तक स्टूडियो में रहता था। आज वही अरिजीत एक परफॉर्मेंस के लिए 2 करोड़ रुपए लेता है। अगर कोई उसका शो करवाना चाहता है, तो वह 2 करोड़ रुपए देता भी है।” यह बात साफ तौर पर दिखाती है, कि अरिजीत सिंह ने अपनी मेहनत और टैलेंट के दम पर कितनी ऊंचाई हासिल की है।
डिजिटल युग में संगीत का नया दौर-
आज के डिजिटल युग में संगीत इंडस्ट्री पूरी तरह से बदल गई है। मॉन्टी शर्मा ने इस बदलाव की पूरी कहानी बताई। उन्होंने कहा, कि “पहले लोग रेडियो या टीवी पर गाने सुनते थे, अब यूट्यूब पर सुनते हैं। OTT प्लेटफॉर्म और यूट्यूब के आने से एक्सपोजर बहुत बढ़ गया है। इससे पैसा भी बहुत ज्यादा आने लगा है।” मॉन्टी ने यह भी बताया, कि आज के समय में अगर वे 15-20 लाख में एक गाना बनाते हैं, तो उसके 90% राइट्स ऑडियो कंपनी ले लेती है। यह कंपनियां आज के समय में सबसे ज्यादा पैसा कमा रही हैं। यह बात दिखाती है, कि संगीत इंडस्ट्री का पूरा गेम चेंज हो गया है।
मॉन्टी शर्मा का सफर-
मॉन्टी शर्मा का संगीत की दुनिया में सफर काफी दिलचस्प रहा है। उन्होंने अपनी पहचान “हम दिल दे चुके सनम” फिल्म के गानों को अरेंज करके बनाई थी। इस फिल्म का मशहूर गाना “निम्बूड़ा” भी उन्होंने ही अरेंज किया था, जिसे देखकर संजय लीला भंसाली ने उनकी प्रतिभा को पहचाना। इसके बाद उन्होंने “देवदास” (2002) और “ब्लैक” (2005) जैसी फिल्मों के लिए बैकग्राउंड स्कोर तैयार किया, जिसे आलोचकों ने भी सराहा। साल 2007 में “सांवरिया” फिल्म के साथ उन्होंने पूर्ण संगीत निर्देशक के रूप में अपनी शुरुआत की। बाद में उन्होंने “चमकू”, “नॉटी@40”, “रन भोला रन”, “स्पार्क” जैसी कई फिल्मों का संगीत दिया।
अरिजीत सिंह के नए प्रोजेक्ट्स-
फिलहाल अरिजीत सिंह कई नए प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं। हाल ही में उन्होंने मोहित सूरी की रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म “सैयारा” के लिए “धुन” गाना गाया है, जो लोगों के दिलों को छू गया है। इसके अलावा “मेट्रो… इन दिनो” फिल्म में उनके गाए “ज़माना लगे”, “मौसम” और “कायदे से” जैसे गीत भी खूब पसंद किए जा रहे हैं। सबसे दिलचस्प बात यह है, कि अरिजीत सिंह ने बहुत ही प्रतीक्षित फिल्म “वॉर 2” के लिए “आवन जावन” गाना भी गाया है। यह गाना रिलीज़ होने से पहले ही चर्चा में है और फैन्स इसका बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- Saiyaara की सफलता पर उठे सवाल, क्या वाकई लोगों को रोने के लिए दिए गए थे पैसे?
सफलता की कहानी-
अरिजीत सिंह की सफलता की कहानी एक आम लड़के से सुपरस्टार बनने की कहानी है। उन्होंने छोटी शुरुआत की थी और आज वे इंडस्ट्री के सबसे महंगे सिंगर्स में से एक हैं। 2 करोड़ रुपए की फीस इस बात का सबूत है, कि मेहनत और प्रतिभा के साथ कोई भी व्यक्ति कितनी ऊंचाई तक पहुंच सकता है। आज जब भी कोई इवेंट ऑर्गनाइजर अरिजीत सिंह को बुलाना चाहता है, तो उसे इस बात के लिए तैयार रहना पड़ता है, कि उसे 2 करोड़ रुपए की फीस देनी होगी। लेकिन यह फीस इसलिए जायज़ है, क्योंकि अरिजीत सिंह का एक शो हज़ारों लोगों के लिए एक यादगार अनुभव बन जाता है।
ये भी पढ़ें- The Raja Saab में संजय दत्त क्या बनेंगे आत्मा या अभिशाप? पोस्टर देखकर हो जाएंगे हैरान