Viral Video
    Photo Source - Google

    Viral Video: शुक्रवार 17 अप्रैल को हरियाणा की राजनीति में एक बड़ा और चौंकाने वाला घटनाक्रम सामने आया। जननायक जनता पार्टी के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने आरोप लगाया, कि हिसार में सीआईए यानी क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी के पुलिसकर्मियों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश की और उन पर पिस्तौल तान दी। यह घटना उस वक्त हुई, जब वे हिसार के एसपी से मिलने के लिए मिनी सेक्रेटेरिएट की तरफ जा रहे थे।

    क्यों जा रहे थे दुष्यंत एसपी से मिलने?

    मामले की जड़ गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में हुए एक छात्र प्रदर्शन से जुड़ी है। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने जेजेपी के छात्र संगठन से जुड़े छह लोगों को गिरफ्तार किया। दुष्यंत चौटाला इन्हीं गिरफ्तारियों को गलत बताते हुए, एसपी सिद्धांत जैन से मिलने जा रहे थे। उनका कहना था, कि उनकी पार्टी ने पहले विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रों से मिलने की अनुमति मांगी थी, लेकिन कोई जवाब नहीं आया।

    गाड़ी से कुचलने की कोशिश-

    दुष्यंत चौटाला ने मीडिया से बात करते हुए बताया, कि सीआईए के कर्मियों ने उनकी गाड़ी को रोका और टक्कर मारने की कोशिश की। इतना ही नहीं, उन पर पिस्तौल भी तान दी गई। उन्होंने दावा किया, कि यह पूरा घटनाक्रम वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है। उन्होंने वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर किए, जिनमें पुलिस की गाड़ी उनकी कार को रोकते और वे खुद बाहर निकलकर पुलिसकर्मियों से भिड़ते दिख रहे हैं।

    BJP का नया हरियाणा-

    सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए दुष्यंत ने लिखा, “BJP का नायब हरियाणा पुलिस के भेस में गुंडे।” एक अन्य पोस्ट में उन्होंने कहा, “जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो व्यवस्था पर सवाल उठाना लाज़मी हो जाता है।” मीडिया से बात करते हुए, उन्होंने इसे “पुलिस हूलिगनिज़्म” करार दिया और कहा, “यह है BJP का नया हरियाणा वर्दी में गुंडे।”

    ये भी पढ़ें- Viral Video: फ्लाईओवर के नीचे युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

    एसपी से मिले-

    घटना के बाद दुष्यंत चौटाला एसपी से मिले और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। इससे पहले वे युवा जेजेपी अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हिसार सिटी पुलिस स्टेशन भी पहुंचे थे और गिरफ्तार लोगों की रिहाई की मांग की थी। यह मामला अब हरियाणा की राजनीति में तूल पकड़ता दिख रहा है।

    ये भी पढ़ें- असफलता और सफलता के बीच फंसे हैं आप? Amazon मैनेजर की ये बात शायद आपकी ज़िंदगी कर देगी आसान

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।