Viral Video
    Photo Drag from Instagram Video

    Viral Video: कुछ समय पहले एक कंटेंट क्रिएटर ने दिल्ली की सड़कों पर महिला के वेश में रात को निकलकर महिलाओं की सुरक्षा परखी थी और उसका वीडियो खूब वायरल हुआ था। अब ऐसा ही एक एक्सपेरिमेंट महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में भी किया गया है। इंस्टाग्राम अकाउंट @unfiltered_shivaaa चलाने वाले क्रिएटर शिवोम चेके ने अपना यह अनुभव वीडियो में दिखाया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेज़ी से फैल रहा है।

    दोस्त से पूछा आउटफिट, फिर निकले स्कूटर पर-

    वीडियो की शुरुआत में शिवोम तैयारी करते दिखते हैं। वे एक महिला दोस्त से अपने आउटफिट के बारे में सलाह लेते हैं और वेस्टर्न ड्रेस चुनते हैं। उनका कहना था कि वे देखना चाहते थे कि पहनावे के आधार पर लोग उन्हें अलग नज़र से देखते हैं या अलग तरह से पेश आते हैं। शुरुआत में वे कहते हैं, “Guys aaj main ladki banke dekhne waala hun ki Chhatrapati Sambhajinagar mein ladkiyaan raat mein kitni safe hai।” इसके बाद उन्होंने सिर पर स्कार्फ बांधा और स्कूटर लेकर रात की सड़कों पर निकल पड़े।

    सड़क पर पहुंचते ही महसूस हुईं घूरती नज़रें-

    शिवोम के मुताबिक, सड़क पर आते ही उन्हें लगा, कि लोग उन्हें देख रहे हैं और घूर रहे हैं। अलग-अलग इलाकों से गुज़रते हुए भी कई लोग उन्हें लगातार देखते रहे। जहां-जहां वे रुके, वहां कुछ लोग दूर से भी उन्हें घूरते रहे। यह वो अनुभव है, जिससे कई लड़कियां और महिलाएं शायद रोज़ गुज़रती होंगी, बस फर्क इतना है, कि वे इसे कैमरे पर नहीं दिखातीं।

    इंसानियत भी दिखी, हैवानियत भी-

    वीडियो में सब कुछ नकारात्मक नहीं था। शिवोम ने बताया, कि कुछ लोग उनके पास आए और पूछा कि क्या उन्हें किसी मदद की ज़रूरत है। इस पर उन्होंने कहा, “Logon mein haiwaniyat toh hai but kuch logon mein abhi bhi insaniyat bachi hui hai।” उनकी यह बात बताती है, कि भीड़ में अच्छे लोग भी हैं, लेकिन उनकी मौजूदगी हर बार भरोसे की गारंटी नहीं बन सकती।

    जब कोई पीछा करने लगा-

    शिवोम का दावा है, कि एक जगह से निकलने के बाद अनुभव और ज़्यादा असहज हो गया। उनके मुताबिक, एक व्यक्ति कुछ देर तक उनका पीछा करता रहा। वीडियो में वे कहते हैं, “Main itni der se ghoom raha hun aur bhai ek ladka itni der se mera peecha kar raha hai na।” ज़रा सोचिए, जब एक एक्सपेरिमेंट के दौरान ऐसा डर लगा, तो अकेली लड़की के लिए यही हालात असल ज़िंदगी में कितने भारी पड़ सकते हैं।

    ये भी पढ़ें- Viral Video: TC को लेकर विवाद के बाद नाबालिग छात्र ने शिक्षक पर किया चाकू से हमला

    सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस-

    वीडियो आने के बाद यूज़र्स की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। लोग रात में अकेले सफर करने वाली महिलाओं के अनुभवों पर बात कर रहे हैं और यह भी चर्चा कर रहे हैं, कि सार्वजनिक जगहों पर महिलाओं को किस नज़र से देखा जाता है और उनके साथ कैसा बर्ताव होता है। ऐसे वीडियो भले ही एक व्यक्ति के अनुभव पर आधारित हों, लेकिन ये समाज को आईना दिखाने का काम ज़रूर करते हैं।

    ये भी पढ़ें- Viral Video: मां को बचाने के लिए भारतीय युवक ने गवाई जान, न्यूयॉर्क में दर्दनाक हादसे में बदली खुशियां

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।