LPG vs PNG: आज के समय में घर की किचन सिर्फ खाना बनाने की जगह नहीं रही, बल्कि सेफ्टी और सुविधा का भी बड़ा सवाल बन गई है। खासकर जब बात गैस कनेक्शन की हो, तो लोग अक्सर LPG और PNG के बीच कन्फ्यूज हो जाते हैं। दोनों ही विकल्प अपने-अपने फायदे और जोखिम के साथ आते हैं, लेकिन सेफ्टी के मामले में फर्क समझना बेहद जरूरी है।
जमीन के पास जमा हो सकता है LPG, बढ़ता है खतरा-
LPG गैस हवा से भारी होती है, जिसका मतलब है, कि अगर कहीं लीकेज हो जाए तो यह नीचे की ओर जमा हो जाती है। ऐसे में किचन या कमरे के फर्श के पास गैस इकट्ठा हो सकती है, जो एक छोटी सी चिंगारी से भी बड़ा हादसा कर सकती है। यही वजह है, कि LPG का इस्तेमाल करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ती है।
PNG हल्की गैस, कम जोखिम-
दूसरी ओर, PNG गैस हवा से हल्की होती है। अगर किसी कारण से लीकेज हो जाए, तो यह जल्दी हवा में घुल जाती है और फैल जाती है, जिससे आग लगने या विस्फोट का खतरा काफी कम हो जाता है। यही कारण है कि आजकल शहरों में PNG को ज्यादा सुरक्षित विकल्प माना जा रहा है।
सिलेंडर बनाम पाइपलाइन-
LPG को घरों में सिलेंडर के जरिए स्टोर किया जाता है, जो हाई प्रेशर पर भरा होता है। यह स्टोरेज खुद में एक जोखिम पैदा करता है, खासकर अगर सिलेंडर या रेगुलेटर में कोई खराबी हो। वहीं PNG पाइपलाइन के जरिए कम दबाव में सप्लाई होती है और घर में गैस स्टोर नहीं होती, जिससे खतरा और कम हो जाता है।
लीकेज और आग का खतरा-
LPG लीकेज अगर बंद कमरे में हो जाए, तो गैस लंबे समय तक वहीं फंसी रह सकती है। इससे आग लगने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। जबकि PNG लीकेज आमतौर पर जल्दी डिस्पर्स हो जाती है और इग्निशन का रिस्क कम हो जाता है। यही कारण है, कि सेफ्टी एक्सपर्ट्स PNG को ज्यादा सुरक्षित मानते हैं।
सुविधा और इस्तेमाल में अंतर-
PNG का एक बड़ा फायदा यह है, कि इसमें सिलेंडर बदलने की झंझट नहीं होती। गैस सप्लाई लगातार पाइपलाइन से मिलती रहती है, जिससे यूजर्स को बार-बार बुकिंग या डिलीवरी का इंतजार नहीं करना पड़ता। वहीं LPG में सिलेंडर बदलते समय कई बार मानवीय गलती (human error) की संभावना रहती है।
सेफ्टी फीचर्स में भी आगे है PNG-
PNG नेटवर्क में अक्सर ऑटोमैटिक शट-ऑफ वाल्व और रेगुलेटेड फ्लो सिस्टम जैसे सेफ्टी फीचर्स होते हैं, जो किसी भी खतरे की स्थिति में गैस सप्लाई को तुरंत बंद कर देते हैं। इसके मुकाबले LPG की सेफ्टी काफी हद तक यूजर की सावधानी, रेगुलेटर और पाइप की स्थिति पर निर्भर करती है।
ये भी पढ़ें- मुंबई में रहना महंगा, कोलकाता सस्ता, जानें 2026 में किस शहर में महीने का कितना होता है खर्च
कौन सा विकल्प बेहतर?
अगर सेफ्टी और सुविधा को प्राथमिकता दी जाए, तो PNG एक बेहतर और मॉडर्न विकल्प बनकर उभरता है। हालांकि, जिन इलाकों में पाइपलाइन की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां LPG अभी भी जरूरी और उपयोगी बना हुआ है। सही चुनाव आपके लोकेशन, जरूरत और जागरूकता पर निर्भर करता है।
ये भी पढ़ें- जानिए कौन हैं Omar Yaghi? जिन्होंने बनाया रेगिस्तान की हवा से 1,000 लीटर पानी निकालने वाला डिवाइज़



