Hill Stations Near Delhi: मई का महीना आते ही दिल्ली जैसे एक तपती भट्टी में बदल जाती है। बाहर कदम रखना मुश्किल, एसी से बाहर आना मुश्किल और हर तरफ बस एक ही ख्याल, कहीं ठंडी जगह भाग जाएं। अच्छी खबर यह है, कि आपको बहुत दूर नहीं जाना। दिल्ली से बस कुछ घंटों की ड्राइव पर ऐसी जगहें हैं, जहां ठंडी हवा, हरे-भरे पहाड़ और सुकून भरी ज़िंदगी आपका इंतज़ार कर रही है। आइए जानते हैं, उन 5 बेहतरीन हिल स्टेशनों के बारे में जो इस मई आपकी सबसे अच्छी च्वाइस साबित हो सकते हैं।
मसूरी पहाड़ों की रानी जो दिल चुरा लेती है-
उत्तराखंड में बसा मसूरी “क्वीन ऑफ द हिल्स” के नाम से मशहूर है और यह नाम बिल्कुल सही है। दून घाटी के शानदार नज़ारे, चहल-पहल भरी सड़कें और मई में भी सुहावना मौसम, यहां आकर लगता है, जैसे गर्मी का नाम ही मिट गया। माल रोड पर शाम की सैर हो या केम्प्टी फॉल की ठंडी फुहारें मसूरी हर तरह से दिल को ताज़गी देता है।
नैनीताल झील के किनारे सुकून की तलाश-
नैनीताल वह जगह है, जहां पहाड़ और पानी का ऐसा संगम मिलता है, जो मन को शांत कर देता है। नैनी झील में बोटिंग, रोपवे से ऊपर जाकर स्नो व्यू पॉइंट से नज़ारा देखना और नैना देवी मंदिर में माथा टेकना, यह सब अनुभव मई की गर्मी को पूरी तरह भुला देते हैं। टिफिन टॉप से सूर्यास्त का नज़ारा तो ज़िंदगी भर याद रहता है।
शिमला जहां पहाड़ और इतिहास एक साथ मिलते हैं-
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला ब्रिटिश काल की इमारतों, चीड़ के जंगलों और रौनकदार बाज़ारों का अनूठा मेल है। मई में यहां की शामें बेहद सुहावनी रहती हैं। मॉल रोड पर टहलना, जाखू मंदिर जाना और कुफरी में बर्फ की झलक पाना शिमला हर बार कुछ नया देता है।
लैंसडाउन भीड़ से दूर, सुकून के करीब-
जो लोग शांति चाहते हैं और भीड़-भाड़ से दूर रहना चाहते हैं, उनके लिए लैंसडाउन एक छुपा हुआ खज़ाना है। यह छोटा सा कैंटोनमेंट शहर ओक के जंगलों और साफ हवा के लिए जाना जाता है। भुल्ला ताल झील, टिप-इन-टॉप व्यूपॉइंट और सेंट मैरी चर्च यहां का हर कोना सुकून से भरा है।
ये भी पढ़ें- भारत का ये शहर कहलाता है टर्मरिक कैपिटल ऑफ द वर्ल्ड, पूरी दुनिया को देता है हल्दी
धर्मशाला जहां पहाड़ और तिब्बती संस्कृति का होता है अद्भुत मेल-
धौलाधार पर्वत की गोद में बसा धर्मशाला और उसका ऊपरी हिस्सा मैक्लोडगंज दुनिया भर के यात्रियों को खींचता है। दलाई लामा मंदिर परिसर, भागसू वॉटरफॉल और त्रियुंड ट्रेक यहां प्रकृति और आत्मा दोनों को सुकून मिलता है। मई में यहां की ठंडी हवा और तिब्बती खाने का स्वाद यह अनुभव अलग ही होता है।
ये भी पढ़ें- World Air Quality Index: दिल्ली नहीं धरती का सबसे प्रदूषित शहर बना भारत का ये शहर



