Karan Aujla: जब कोई कलाकार अपनी गलती मानकर उसे सुधारने की कोशिश करे, तो चाहने वालों का दिल जीत लेता है। करन औजला ने कुछ ऐसा ही किया। मुंबई कॉन्सर्ट को लेकर जब चारों तरफ से आलोचना हुई, तो उन्होंने बहाने बनाने की बजाय सीधे कहा, हम वापस आएंगे और इस बार इतिहास बनाएंगे। अब उन्होंने मुंबई 2.0 कॉन्सर्ट की तारीख का ऐलान कर दिया है और साथ में एक ऐसा सरप्राइज़ भी दिया है, जिसने चाहने वालों को खुशी से झुमा दिया।
मुंबई 2.0 12 अप्रैल को होगा धमाका-
शुक्रवार को करन औजला ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करके बताया, कि मुंबई 2.0 कॉन्सर्ट 12 अप्रैल को होगा। सबसे बड़ी बात यह रही कि उन्होंने 3 मार्च के शो के टिकट खरीदने वालों के लिए मुफ्त एंट्री का ऐलान किया। यानी जिन लोगों ने पैसे देकर टिकट खरीदा और खराब अनुभव झेला, उन्हें इस बार बिना एक रुपया दिए शो देखने का मौका मिलेगा। करन ने यह भी कहा कि जो लोग पहले नहीं आ पाए, वो 8 मार्च को दोपहर 12 बजे से डिस्ट्रिक्ट बाय ज़ोमैटो पर टिकट खरीद सकते हैं।
आयोजकों ने भी माना-
शो के आयोजक टीम इनोवेशन ने भी इंस्टाग्राम पर एक संदेश साझा किया, जिसमें साफ लिखा था, कि मुंबई के दर्शकों की बात उन तक पहुंची और उन्होंने उसे दिल से सुना। उन्होंने कहा, कि पहले शो में जो भरोसा और प्यार मिला, उसकी कदर करते हुए मुंबई 2.0 उनके लिए है। यह जवाब लोगों के बीच काफी सराहा गया, क्योंकि आमतौर पर आयोजक इस तरह की जिम्मेदारी कम ही लेते हैं।
आखिर मुंबई में हुआ क्या था?
3 मार्च को होली के मौके पर हुए मुंबई कॉन्सर्ट में दर्शकों को बेहद खराब अनुभव हुआ। लोगों ने शिकायत की, कि भीड़ का कोई सही प्रबंध नहीं था, गर्मी से कई लोग बेहोश हो गए और पानी तक की व्यवस्था नहीं थी। कुछ लोगों ने तो वीआईपी टिकट खरीदने के बावजूद करन औजला को ठीक से देख भी नहीं पाए। सोशल मीडिया पर इसे “सबसे बुरा कॉन्सर्ट” कहा गया। पुणे शो के बाद करन ने खुद माना कि मुंबई में कमी रही और वादा किया कि वो दोबारा आएंगे।
ये भी पढ़ें- Badshah के गाने ‘Tateeree’ पर क्यों मचा बवाल? हरियाणा महिला आयोग ने भेजा समन
दिल्ली से शुरू हुआ जादू, अब पूरा देश बाकी है-
इस टूर की शुरुआत 28 फरवरी को दिल्ली से हुई थी, जहां 75,000 से ज्यादा लोगों ने करन के साथ बॉयफ्रेंड, तौबा तौबा, 52 बार्स जैसे गानों पर जमकर झूमे। शो का अंत आतिशबाजी से हुआ, जिसने माहौल को यादगार बना दिया। अब करन 14 मार्च को चंडीगढ़ में गाएंगे, इसके बाद इंदौर, बेंगलुरु, अहमदाबाद, कोलकाता, जयपुर और लखनऊ में शो होंगे। पूरे टूर का समापन लुधियाना में होगा।
ये भी पढ़ें- UK07 Rider का दर्द असली या नाटक? Anurag Dobhal के भाई कलाम ने सबूत दिखाकर किया बड़ा खुलासा



