Iran Targets Indian Tanker
    Photo Source - Google

    Iran Targets Indian Tanker: शनिवार को ओमान के उत्तरी समुद्री इलाके में एक ऐसी घटना हुई, जिसने भारत समेत पूरी दुनिया को चौंका दिया। ईरानी नौसेना ने एक बड़े भारतीय क्रूड ऑयल टैंकर पर फायरिंग की, जिसमें करीब 20 लाख बैरल इराकी तेल भरा हुआ था। इस घटना ने स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज़ के आसपास पहले से तनावपूर्ण समुद्री सुरक्षा को लेकर नई चिंताए खड़ी कर दी हैं।

    दो जहाज़ थे एक निशाने पर आया, दूसरा बचा-

    इस घटना में दो भारतीय जहाज़ शामिल थे जग अर्नव और सनमार हेरल्ड। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, सिर्फ जग अर्नव पर सीधी फायरिंग हुई। सनमार हेरल्ड उसी इलाके में था लेकिन उसे कोई नुकसान नहीं पहुँचा। यह खबर उन रिपोर्ट्स के बाद आई जिनमें बताया गया था कि दो भारतीय जहाज़ों को स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज़ से वापस लौटने पर मजबूर किया गया था।

    भारतीय नौसेना अलर्ट-

    भारतीय नौसेना इस घटना की पूरी जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों ने बताया, कि फिलहाल स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज़ में कोई भारतीय नौसेना का जहाज़ मौजूद नहीं है। हालांकि गल्फ ऑफ ओमान में दो विध्वंसक, एक फ्रिगेट और एक टैंकर तैनात है। अधिकारियों ने ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर यानी आईआरजीसी की इस फायरिंग को बेहद गंभीरता से लिया है और स्पष्ट किया कि भारत स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज़ से खुले और स्वतंत्र नौवहन का समर्थन करता है।

    दुनिया का सबसे अहम तेल गलियारा-

    स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज़ वह समुद्री रास्ता है, जिससे दुनिया का करीब 20 प्रतिशत कच्चा तेल गुज़रता है। भारत के लिए यह रास्ता बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि देश का बड़ा हिस्सा खाड़ी देशों से तेल आयात पर निर्भर है। इस इलाके में तनाव बढ़ने से न सिर्फ समुद्री सुरक्षा खतरे में है बल्कि वैश्विक तेल आपूर्ति भी प्रभावित हो सकती है।

    ये भी पढ़ें- दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति पहली बार भारत दौरे पर, ट्रेड से लेकर सेमीकंडक्टर तक, बड़े फैसलों की तैयारी

    युद्धविराम के बावजूद हमला-

    यह घटना उस वक्त हुई जब ईरान ने शुक्रवार को अमेरिका की मध्यस्थता में हुए 10 दिन के युद्धविराम के बाद स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज़ को अस्थायी रूप से खोलने का ऐलान किया था। ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, सात हफ्तों में पहली बार आठ टैंकरों का काफिला इस रास्ते से गुज़रा था। ईरान ने भारत को उन मित्र देशों में शामिल किया है, जिनके जहाज़ों को गुज़रने की इजाज़त है, लेकिन इस हमले ने उस दावे पर सवालिया निशान लगा दिया है।

    ये भी पढ़ें- नेपाल के नए पीएम का सख्त फैसला, भारत से जाने वाले सामान पर भारी टैक्स

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।