Karachi Gas Crisis
    Photo Source - Google

    Karachi Gas Crisis: पाकिस्तान के कराची शहर से एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां गैस की भारी किल्लत ने लोगों को खतरनाक उपाय अपनाने पर मजबूर कर दिया है। शहर के कई इलाकों में लोग अब कुकिंग गैस को प्लास्टिक के गुब्बारों में भरकर स्टोर कर रहे हैं। यह तरीका भले ही उनकी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी कर रहा हो, लेकिन एक्सपर्ट्स इसे चलता-फिरता बम बता रहे हैं।

    कहां से सामने आया मामला?

    यह मामला Karachi के ओरंगी टाउन इलाके से सामने आया है, खासकर मोमिनाबाद क्षेत्र में। यहां रहने वाले लोगों का कहना है कि लंबे समय से गैस की सप्लाई अनियमित है और प्रेशर भी बेहद कम रहता है। ऐसे में खाना बनाना तक मुश्किल हो गया है। लोगों ने बताया, कि जब थोड़ी देर के लिए गैस आती है, तो वे खास प्लास्टिक बैलून में गैस भर लेते हैं और बाद में पूरे दिन उसी का इस्तेमाल करते हैं।

    कैसे काम करता है यह ‘जुगाड़’?

    स्थानीय बाजारों में मिलने वाले ये प्लास्टिक गुब्बारे करीब 1000 से 1500 पाकिस्तानी रुपये में मिलते हैं। गैस आने के दौरान इन्हें पाइप से जोड़कर भरा जाता है और फिर अलग कर दिया जाता है। इसके बाद जरूरत के हिसाब से इसका इस्तेमाल किया जाता है। लोग इसे अपनी मजबूरी बता रहे हैं। उनका कहना है, कि गैस की कमी ने उन्हें इस तरह के जोखिम भरे कदम उठाने के लिए मजबूर कर दिया है।

    एक छोटी सी चिंगारी बन सकती है बड़ा हादसा-

    सुरक्षा विशेषज्ञों ने इस तरीके को बेहद खतरनाक बताया है। उनका कहना है, कि गैस से भरे ये गुब्बारे किसी भी वक्त विस्फोट कर सकते हैं। खासकर घनी आबादी वाले इलाकों में यह खतरा और बढ़ जाता है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, हल्की सी रगड़, गर्मी या चिंगारी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में घर के अंदर इस तरह गैस स्टोर करना लोगों की जान को सीधा खतरा है।

    प्रशासन और कंपनियों से उठी मांग-

    विशेषज्ञों और स्थानीय लोगों ने गैस सप्लाई सुधारने की मांग की है। उनका कहना है, कि जब तक सप्लाई स्थिर नहीं होगी, तब तक लोग ऐसे खतरनाक विकल्प अपनाते रहेंगे। एनालिस्ट्स ने गैस कंपनियों और प्रशासन से तुरंत कदम उठाने की अपील की है, ताकि इस “जानलेवा ट्रेंड” को रोका जा सके।

    वैश्विक हालात का भी असर-

    यह गैस संकट सिर्फ स्थानीय समस्या नहीं है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा सप्लाई पर भी दबाव बना हुआ है। खासकर Strait of Hormuz जैसे अहम रास्तों पर तनाव के कारण गैस और तेल की सप्लाई प्रभावित हो रही है, जिसका असर आम लोगों तक पहुंच रहा है।

    ये भी पढ़ें- India–New Zealand फ्री ट्रेड डील, जानिए कैसे होगा पढ़ाई, नौकरी और खरीदारी में फायदा

    आम लोगों की मजबूरी-

    कराची का यह मामला दिखाता है, कि जब बुनियादी सुविधाएं प्रभावित होती हैं, तो लोग अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। लेकिन यह भी साफ है, कि ऐसे उपाय लंबे समय तक सुरक्षित नहीं हैं। अब देखना होगा, कि प्रशासन इस गंभीर स्थिति से निपटने के लिए क्या कदम उठाता है, जिससे लोगों को अपनी जान जोखिम में डालकर गैस स्टोर करने की नौबत न आए।

    ये भी पढ़ें- एक केक की शिकायत और खुला 50,000 करोड़ का घोटाला, 67,000 नकली रेस्टोरेंट का भंडाफोड़

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।