Israel North Korea Embassy Attack
    Photo Source - Google

    Israel North Korea Embassy Attack: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक दावा तेजी से वायरल हो रहा है, कि इजरायल ने ईरान की राजधानी तेहरान में उत्तर कोरिया के दूतावास पर हमला किया है। इसी के साथ यह भी कहा जा रहा है, कि उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “इजरायल ने बहुत बड़ी गलती कर दी।” X यानी Twitter पर यह बयान इतनी तेजी से फैला, कि लाखों लोगों ने इसे सच मान लिया। लेकिन जब इस दावे की तह तक जाकर जांच की गई, तो हकीकत कुछ और ही निकली।

    क्या सच में हमला हुआ?

    नहीं। तेहरान में उत्तर कोरिया के दूतावास पर किसी भी हमले की कोई पुष्टि नहीं हुई है। न किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय समाचार संस्थान ने इसे रिपोर्ट किया, न Reuters ने, न NK News ने और न ही उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया KCNA ने। Grok ने भी इस दावे की fact-check की और पाया कि यह पूरी तरह निराधार है।

    किम जोंग उन का कोई भी आधिकारिक बयान कहीं भी दर्ज नहीं है। यह अफवाह उस वक्त फैली जब ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच तनाव चरम पर था और दोनों पक्ष एक-दूसरे के बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहे थे। ऐसे माहौल में बिना किसी सबूत के एक झूठी खबर ने पूरी दुनिया में हलचल मचा दी।

    किम की बेटी बंदूक थामे उत्तराधिकारी?

    इस वायरल अफवाह के बीच उत्तर कोरिया से एक असली और चौंकाने वाली खबर भी आई है। किम जोंग उन की बेटी किम जू आए की एक नई तस्वीर सामने आई है, जिसमें वो एक हथियार कारखाने में पिस्तौल चलाती नजर आ रही हैं। उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया ने यह तस्वीर जारी की, जिसमें जू आए एक आंख बंद करके पिस्तौल दाग रही हैं और बंदूक की नली से आग की लपट निकलती दिख रही है। बाप-बेटी दोनों ने इस दौरान एक जैसी चमड़े की जैकेट पहन रखी थी।

    क्या जू आए बनेंगी उत्तर कोरिया की अगली नेता?

    यह पहली बार नहीं है, जब जू आए को हथियारों के साथ दिखाया गया है। कुछ हफ्ते पहले भी एक तस्वीर आई थी, जिसमें वो राइफल चलाती नजर आई थीं। विशेषज्ञों का मानना है, कि इस तरह की तस्वीरें जानबूझकर जारी की जा रही हैं ताकि जू आए को भविष्य के नेता के रूप में पेश किया जा सके। जू आए को पहली बार 2022 में तब दुनिया के सामने लाया गया था, जब वो अपने पिता के साथ एक मिसाइल परीक्षण में नजर आई थीं। इससे पहले उनके अस्तित्व की जानकारी सिर्फ पूर्व NBA स्टार Dennis Rodman ने 2013 में दी थी।

    ये भी पढ़ें- Iran ने Us और Israel के सामने जंग खत्म करने के लिए रखी ये तीन बड़ी शर्तें

    अफवाहों से सावधान रहें-

    यह पूरा मामला एक बड़ा सबक देता है। जब दुनिया में तनाव बढ़ता है तो सोशल मीडिया पर झूठी खबरें भी उसी रफ्तार से फैलती हैं। किसी भी वायरल दावे को आगे शेयर करने से पहले किसी भरोसेमंद स्रोत से उसकी पुष्टि जरूर करें।

    ये भी पढ़ें- Trump की नई चाल, भारत समेत 16 देशों पर अनुचित व्यापार की जांच शुरू

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।