Iran President: मध्य पूर्व में जंग की आग के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने एक ऐसा कदम उठाया, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया। उन्होंने उन पड़ोसी देशों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी, जिन पर ईरान ने हमले किए थे। साथ ही यह भी ऐलान किया, कि जब तक इन देशों की धरती से ईरान पर कोई हमला नहीं होता, तब तक तेहरान उनके खिलाफ कोई मिसाइल स्ट्राइक या हमला नहीं करेगा।
ईरान की अंतरिम नेतृत्व परिषद ने इस फैसले को मंजूरी दे दी है। Reuters और AFP ने इस बयान की पुष्टि की है। यह बयान ऐसे वक्त में आया है, जब अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर है।
समर्पण का सपना कब्र में ले जाएंगे दुश्मन-
हालांकि माफी मांगने के बावजूद पेजेश्कियन ने यह साफ कर दिया, कि ईरान न झुका है और न झुकेगा। राष्ट्रीय टेलीविजन पर प्रसारित अपने बयान में उन्होंने कहा, कि दुश्मनों को ईरानी जनता के समर्पण का सपना अपनी कब्र में ले जाना होगा। यह बयान इजरायल और अमेरिका दोनों के लिए एक कड़ा संदेश है। पिछले हफ्ते अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत की खबरें आई थीं, जिसके बाद से पूरा मध्य पूर्व एक बड़े टकराव के कगार पर खड़ा है।
दुबई और अबू धाबी में धमाकों की गूंज-
ईरान के इस नए रुख के बावजूद खाड़ी देशों में हालात अभी भी बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। UAE के प्रमुख शहरों दुबई और अबू धाबी में लोगों ने जोरदार धमाकों की आवाजें सुनीं। मिसाइल अलर्ट्स और एयर रेड्स सायरन्स बजने लगे, जब वहां की एयर डिफेंस सिस्टम ने ईरान के जवाबी अभियान के दौरान दागे गए ड्रोन्स और मिसाइल्स को बीच हवा में मार गिराया। आम लोगों में दहशत का माहौल रहा और सोशल मीडिया पर इन धमाकों के वीडियोज़ तेजी से वायरल हो गए।
दुबई एयरपोर्ट पर अचानक लगा ताला-
इस पूरे संकट के बीच दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में शुमार दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को अचानक ऑपरेशन बंद कर दिए गए। Dubai मिडिया ऑफिस की ओर से जारी बयान में कहा, गया कि यात्रियों, एयरपोर्ट स्टाफ और एयरलाइन क्रू की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया।
अधिकारियों ने इसे एक माइनर इंसिडेंट बताया, हालांकि सुरक्षा हालात को देखते हुए यह कदम उठाना जरूरी हो गया था। दुनियाभर के लाखों यात्री इस एयरपोर्ट से रोज गुजरते हैं, ऐसे में यह खबर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता का सबब बन गई।
ये भी पढ़ें- क्या Iran करेगा मक्का-मदीना पर हमला? सऊदी अरब ने तैनात किए 5 सबसे खतरनाक हथियार
शांति की कोशिश, लेकिन आग अभी बुझी नहीं-
ईरान के राष्ट्रपति का माफीनामा और हमले रोकने का ऐलान भले ही एक सकारात्मक संकेत हो, लेकिन जमीनी हालात बता रहे हैं, कि मध्य पूर्व में तनाव अभी थमा नहीं है। खाड़ी देशों के आसमान में गूंजते धमाके और बंद पड़ा दुबई एयरपोर्ट इस बात की गवाही दे रहे हैं, कि यह जंग अभी खत्म नहीं हुई, बल्कि एक नए मोड़ पर आ खड़ी हुई है।
ये भी पढ़ें- क्या Iran War में कूदेगा नॉर्थ कोरिया? किम जोंग उन ने कहा ईरान में हमारे एक भी नागरिक को…



