Brett Lee Dubai: ऑस्ट्रेलिया के तेज़ बॉलर ब्रेट ली ने अब दुबई को अपना नया घर बना लिया है। UAE में शिफ्ट होने का फैसला करते हुए ली ने इंस्टाग्राम पर लिखा, कि यहां उन्हें नए अवसर, शानदार लोग, परिवार के साथ क्वालिटी टाइम और एक ऐसी लाइफस्टाइल मिली है, जिसे काफी बेहतर है।
सोच-समझकर लिया फैसला-
ब्रेट ली क्रिकेट इतिहास के सबसे तेज गेंदबाजों में से एक रहे हैं। लेकिन दुबई शिफ्ट होने का फैसला उन्होंने जल्दबाजी में नहीं लिया। यह एक लंबी प्रक्रिया थी, जो कई वर्क ट्रिप्स के बाद धीरे-धीरे परमानेंट मूव में बदल गई। 2012 में इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट के बाद ली ने हाल ही में दुबई के साथ अपने रिश्ते और मजबूत किए हैं। वह अब Danube Properties के ग्लोबल एंबेसडर हैं, जो दुबई की एक प्रमुख रियल एस्टेट कंपनी है।
ब्रेट ली ने दुबई के अवसरों, स्वागत करने वाले लोगों, मजबूत स्पोर्ट्स कल्चर और फैमिली-फ्रेंडली लाइफस्टाइल की जमकर तारीफ की। उनके मुताबिक, उनके बच्चे यहां स्कूल में अच्छा कर रहे हैं और जीवन का आनंद ले रहे हैं। उन्होंने लिखा, “बच्चे खुश हैं, स्कूल फैंटास्टिक हैं, हर जगह स्पोर्ट्स है और यहां जो लोग मिलते हैं वही असली खूबसूरती है।”
ऑस्ट्रेलिया से जुड़ाव लेकिन दुबई में कुछ खास-
ली ने कहा, कि वह ऑस्ट्रेलिया को अपना घर मानते हैं और वहां बिताई गई जिंदगी के लिए आभारी हैं। यह कभी नहीं बदलेगा। लेकिन दुबई में कुछ खास बात है, जो उन्हें आकर्षित करती है। उन्होंने लिखा, “दुबई की एनर्जी, महत्वाकांक्षा और यह भावना, कि यहां कुछ भी संभव है, बेहद खास है।” ली ने इस मूव को एक नए अध्याय की शुरुआत बताया और दूसरों को भी दुबई आने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा, “अगर आपने कभी यहां आने के बारे में सोचा है, तो वादा करता हूं, कि निराश नहीं होंगे।”
ली ने दुबई से कई फोटोज और वीडियोज शेयर किए। एक तस्वीर में वह शहर के स्काईलाइन के सामने पोज देते नजर आए। अन्य फोटोज में वह शेहाब गरगाश, रिजवान सजन, आदेल सजन और डॉ साना सजन जैसे बिजनेस लीडर्स के साथ दिखे। वीडियोज में फैमिली के साथ कैमल राइड और ड्राइविंग के रिलैक्स्ड पल कैद किए गए हैं।
UAE गोल्डन वीजा और सेलिब्रिटीज का रुझान-
कई भारतीय सेलिब्रिटीज को UAE का गोल्डन वीजा मिल चुका है, जो 10 साल का लॉन्ग-टर्म रेजिडेंसी परमिट है। इनमें शाहरुख खान, रजनीकांत, संजय दत्त, प्रियंका चोपड़ा, रणवीर सिंह और कृति सेनन शामिल हैं। दक्षिण भारत के बड़े सितारे जैसे मम्मूटी, मोहनलाल, दुलकर सलमान और पृथ्वीराज सुकुमारन को भी यह वीजा मिला है। बोनी कपूर, सुनील शेट्टी, फराह खान, वरुण धवन, मौनी रॉय और संजय कपूर भी इस लिस्ट में हैं।
दुबई में परमानेंट रूप से रहने वाले सितारे-
कई स्टार्स सुविधा के लिए गोल्डन वीजा रखते हैं, लेकिन कुछ ने दुबई को अपना स्थायी घर बना लिया है। आर माधवन अपने बेटे की स्विमिंग कैरियर के लिए परिवार के साथ वहां शिफ्ट हो गए। संजय दत्त की पत्नी मान्यता अपने बच्चों के साथ वहीं रहती हैं। तलाक के बाद सानिया मिर्जा भी वहीं बस गई हैं। इंटरनेशनल सेलिब्रिटीज में लिंडसे लोहान 2014 से, रियो और केट फर्डिनेंड, बॉक्सर आमिर खान और ब्यूटी एंटरप्रेन्योर हुडा कट्टन भी दुबई में रह रहे हैं। योयो हनी सिंह और राखी सावंत भी सिक्योरिटी कारणों से दुबई शिफ्ट हो चुके हैं।
ये भी पढ़ें- जानिए क्या है Epstein Files? इसमें नाम आने से क्यों परेशान हैं दुनिया के ताकतवर लोग
क्यों सबको पसंद आ रहा है दुबई?
दुबई सेलिब्रिटीज और एंटरप्रेन्योर्स को कई कारणों से आकर्षित करता है। यहां कोई पर्सनल इनकम टैक्स, वेल्थ टैक्स या इनहेरिटेंस टैक्स नहीं है। प्राइवेसी लॉ सख्त हैं और बिना सहमति फोटो लेना गैरकानूनी है। क्राइम रेट बेहद कम है और पॉलिटिकल स्थिरता है। दुनिया के अधिकतर हिस्सों तक 8 घंटे में पहुंचा जा सकता है। टॉप इंटरनेशनल स्कूल्स, प्राइवेट हेल्थकेयर और लग्जरी लाइफस्टाइल यहां की खासियत है। UAE में धार्मिक सहिष्णुता भी है, जहां चर्च, मंदिर और गुरुद्वारे मौजूद हैं।
ये भी पढ़ें- क्या Jeffrey Epstein सच में खाते थे बच्चे? जानिए फैक्ट चेकिंग में क्या निकला और क्यों मचा है बवाल



