Viral Video: बिहार के वैशाली जिले के महनार इलाके से एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। प्यार में बेकाबू एक युवती ने अपनी जान जोखिम में डालते हुए 1.32 लाख वोल्ट के हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़कर अपने प्रेमी से शादी कराने की जिद पकड़ ली। यह घटना सिर्फ एक व्यक्तिगत विवाद नहीं रही, बल्कि देखते ही देखते पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी युवती-
अंग्रेज़ी समाचार वेबसाइट एनडीटीवी इंडिया के मुताबिक, युवती अपने साथ मोबाइल फोन लेकर करीब 100 फीट ऊंचे बिजली टावर पर चढ़ गई और बार-बार नीचे कूदने की धमकी देने लगी। उसका कहना था कि अगर उसकी शादी उसी युवक से नहीं कराई गई, तो वह अपनी जान दे देगी। हालांकि जिस युवक से वह शादी करना चाहती थी, वह इसके लिए तैयार नहीं था।
9 घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा-
जैसे ही लोगों को इस घटना की जानकारी मिली, मौके पर भारी भीड़ जुट गई। पूरे इलाके में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। किसी भी बड़े हादसे से बचने के लिए तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी गई और टावर की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। यह पूरा ड्रामा करीब 9 घंटे तक चलता रहा, जिसने सभी की सांसें थाम दीं।
पुलिस की भावुक अपील भी बेअसर-
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को समझाने की हर संभव कोशिश की। कई बार समझाने के बावजूद जब वह नहीं मानी, तो पुलिस ने भावनात्मक तरीका अपनाया। एक पुलिस अधिकारी ने माइक से कहा, “बेटी, क्या तुम मेरी नौकरी लेना चाहती हो? नीचे आ जाओ, मैं तुम्हारी शादी आज ही एक घंटे में करवा दूंगा।” इसके अलावा एक अन्य अधिकारी ने युवती से फोन पर बात कर उसकी सभी मांगें मानने का भरोसा दिया, लेकिन युवती अपने फैसले पर अड़ी रही।
100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने संभाला मोर्चा-
जैसे-जैसे शाम होने लगी, स्थिति और गंभीर होती गई। रेस्क्यू ऑपरेशन को जारी रखने के लिए मौके पर लाइटिंग की व्यवस्था की गई। चार थानों की पुलिस और 100 से ज्यादा जवानों को तैनात किया गया। आखिरकार पुलिस ने युवक को मौके पर बुलाया, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
ये भी पढ़ें- Viral Video: दुबई में अकेले रहना मुश्किल, 23 साल की भारतीय लड़की ने बताया अपना दर्द
करीब 9 घंटे के इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद युवती की जान तो बच गई, लेकिन उसकी शादी नहीं हो पाई। अब इस पूरे मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि क्या प्यार में इतनी दीवानगी सही है, या यह मानसिक और सामाजिक दबाव का नतीजा है?
ये भी पढ़ें- जमी हुई रोटियां, लेकिन चेहरे पर मुस्कान, वायरल वीडियो में देखें भारतीय जवानों की असली जिंदगी



