Viral Video: इन दिनों केरल से एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान भी हैं और आकर्षित भी। वीडियो में लोग एक पुल के ऊपर बहते पानी में चलते और नहाते नजर आ रहे हैं, जबकि नीचे हाईवे पर गाड़ियां तेज रफ्तार से गुजर रही हैं। यह जगह है केरल के त्रिशूर जिले में स्थित चुवन्नामन्नु एक्वाडक्ट, जो अचानक इंटरनेट का सेंसेशन बन गया है।
क्या है चुवन्नामन्नु एक्वाडक्ट का असली सच-
जिसे लोग घूमने की नई जगह समझ रहे हैं, वह दरअसल कोई टूरिस्ट स्पॉट नहीं है। चुवन्नामन्नु एक्वाडक्ट एक सिंचाई संरचना है, जो पीची इरिगेशन प्रोजेक्ट का हिस्सा है। 1950 के दशक में बना यह ढांचा खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए इस्तेमाल होता है। इसका काम सिर्फ पानी को एक जगह से दूसरी जगह ले जाना है, न कि लोगों के घूमने या नहाने के लिए।
क्यों तेजी से वायरल हो रहा है यह वॉटर ब्रिज-
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में जब इस एक्वाडक्ट को खास एंगल से दिखाया जाता है, तो यह हवा में तैरती हुई पानी की नहर जैसा दिखाई देता है। चारों ओर हरियाली और नीचे चलती ट्रैफिक के बीच यह नज़ारा लोगों को बेहद आकर्षित कर रहा है। यही वजह है कि लोग बिना पूरी जानकारी के यहां पहुंचने लगे हैं और वीडियो बनाकर शेयर कर रहे हैं।
क्या यह जगह सुरक्षित है?
जैसे-जैसे भीड़ बढ़ने लगी, वैसे-वैसे इस जगह को लेकर सुरक्षा चिंताएं भी सामने आने लगीं। यह एक्वाडक्ट काफी संकरा है और इसकी सतह हमेशा गीली रहती है, जिससे फिसलने का खतरा बना रहता है। यहां कोई सुरक्षा रेलिंग भी नहीं है, ऐसे में जरा सी चूक सीधे नीचे हाईवे पर गिरने का कारण बन सकती है। इसके अलावा पास में बिजली की लाइनें भी मौजूद हैं, जो खासकर बारिश के मौसम में खतरा और बढ़ा देती हैं।
प्रशासन ने क्यों लगाई रोक-
बढ़ती भीड़ और खतरे को देखते हुए प्रशासन ने इस जगह पर लोगों के जाने पर रोक लगा दी है। अधिकारियों का कहना है, कि यह जगह पब्लिक एक्सेस के लिए नहीं बनी है और यहां जाना जानलेवा साबित हो सकता है। बावजूद इसके, कुछ लोग अब भी इसे एक हिडन जेम मानकर रिस्क ले रहे हैं।
ये भी पढ़ें- Viral Video: 1 घंटे में करवा दूंगा शादी, बिजली के टावर पर चढ़ी युवती से बिहार पुलिसकर्मी का वादा
ट्रैवलर्स के लिए क्या है जरूरी संदेश-
यह घटना एक बड़े ट्रेंड की ओर इशारा करती है, जहां सोशल मीडिया किसी भी आम जगह को ओवरनाइट टूरिस्ट स्पोट बना देता है। लेकिन हर खूबसूरत दिखने वाली जगह सेफ नहीं होती। केरल में वैसे भी कई सुरक्षित और खूबसूरत पर्यटन स्थल मौजूद हैं, जहां बिना जोखिम के घूमने का मजा लिया जा सकता है।
रिस्पॉन्सिबल ट्रैवल का मतलब सिर्फ घूमना नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखना भी है। चुवन्नामन्नु एक्वाडक्ट एक ऐसी जगह है, जिसे दूर से देखकर ही एंजॉय करना बेहतर है।
ये भी पढ़ें- जमी हुई रोटियां, लेकिन चेहरे पर मुस्कान, वायरल वीडियो में देखें भारतीय जवानों की असली जिंदगी



