Apple Siri Change: Apple एक बार फिर अपने वॉइस असिस्टेंट Siri को पूरी तरह बदलने की तैयारी में है। लेकिन यह बदलाव iOS 26.4 के साथ आने वाले स्मार्ट Siri अपडेट से कहीं बड़ा बताया जा रहा है। Bloomberg के मशहूर टेक रिपोर्टर मार्क गुरमैन की रिपोर्ट के मुताबिक, Apple Siri को एक फुल-फ्लेज्ड AI चैटबॉट में बदलने की योजना बना रहा है, जो Google Gemini, ChatGPT और Claude जैसे AI टूल्स को सीधी टक्कर दे सकेगा।
इस प्रोजेक्ट का आंतरिक नाम “Campos” बताया जा रहा है और इसे जून 2026 में होने वाले Apple के डेवलपर इवेंट WWDC 2026 में पेश किया जा सकता है। हालांकि, Apple की पुरानी रणनीति को देखते हुए माना जा रहा है, कि इसका असली रोलआउट नए iPhone लॉन्च के बाद, यानी सितंबर 2026 के आसपास हो सकता है।
Siri अब सिर्फ वॉइस असिस्टेंट नहीं, पूरा AI साथी बनेगा-
रिपोर्ट के अनुसार, Apple मौजूदा Siri इंटरफेस को हटाकर उसकी जगह एक AI चैटबॉट इंटरफेस लाने की तैयारी में है। यह नया Siri iPhone, iPad और Mac के ऑपरेटिंग सिस्टम में गहराई से जुड़ा होगा। अच्छी बात यह है कि यूज़र्स के लिए Siri को बुलाने का तरीका वही रहेगा, यानी “Hey Siri” बोलकर या साइड बटन दबाकर इसे इस्तेमाल किया जा सकेगा।
नई Siri की ताकत उसकी क्षमताओं में नजर आएगी। यह AI चैटबॉट इंटरनेट से जानकारी खोज सकेगा, कंटेंट तैयार कर सकेगा, तस्वीरें बना सकेगा, लंबे टेक्स्ट का सार निकाल सकेगा और यूज़र द्वारा अपलोड की गई फाइल्स का विश्लेषण भी कर पाएगा। इसके अलावा, यह यूज़र के निजी डेटा का इस्तेमाल करके फाइल्स, गाने या कैलेंडर इवेंट्स भी ढूंढ सकेगा।
फोन और ऐप्स पर भी होगा Siri का ज्यादा कंट्रोल-
नई Siri सिर्फ सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं रहेगी। रिपोर्ट के मुताबिक, यह डिवाइस के फीचर्स और सेटिंग्स को भी कंट्रोल कर सकेगी। यूज़र चैट के जरिए Siri से कॉल करने, टाइमर सेट करने या कैमरा खोलने जैसे काम करवा सकेंगे। यानी Siri धीरे-धीरे एक डिजिटल मैनेजर की तरह काम करने लगेगी।
Apple फिलहाल एक अलग Siri चैटबॉट ऐप की भी अंदरूनी टेस्टिंग कर रहा है, लेकिन कंपनी का फोकस इसे अलग ऐप के रूप में लॉन्च करने पर नहीं है। Apple चाहता है कि यह नया AI चैटबॉट उसके मुख्य ऐप्स जैसे Mail, Music, Podcasts, TV, Photos और यहां तक कि Xcode जैसे डेवलपर टूल्स में भी गहराई से जुड़ा हो।
तस्वीरें ढूंढने से लेकर ईमेल लिखने तक करेगा Siri-
इस बदलाव के बाद Siri यूज़र के लिए और ज्यादा काम आसान बना सकेगा। मसलन, कोई तस्वीर सिर्फ उसके विवरण के आधार पर ढूंढना, फोटो को क्रॉप करना या उसका रंग बदलना, या फिर एक पूरा ईमेल लिखना Siri के लिए संभव हो सकता है।
ये भी पढ़ें- YouTube Shorts में AI की एंट्री, अब क्रिएटर्स अपनी पहचान से बनाएंगे वीडियो
AI मॉडल में भी बड़ा बदलाव-
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि Siri का नया इंटरफेस Apple खुद डिजाइन करेगा, लेकिन इसकी तकनीक Google के कस्टम AI मॉडल पर आधारित हो सकती है। हाल ही में Apple और Google के बीच हुई डील के तहत Gemini, Apple के कई आने वाले AI फीचर्स का आधार बनेगा।
ये भी पढ़ें- iPhone 18 Series: लॉन्च से पहले डिटेल हुई लीक, डिस्प्ले से लेकर रैम तक सबकुछ नया
iOS 26.4 अपडेट के साथ आने वाला नया Siri वॉइस इंटरफेस Apple Foundation Models के वर्जन 10 पर काम करेगा, जबकि आने वाला Siri चैटबॉट इससे भी ज्यादा ताकतवर मॉडल, यानी वर्जन 11 पर आधारित हो सकता है, जो Gemini 3 के स्तर का बताया जा रहा है।



