EPFO 3.0 UPI Withdrawal: EPFO अपने लगभग 8 करोड़ सक्रिय सदस्यों के लिए एक बड़ा तोहफा लेकर आ रहा है। EPFO 3.0 के तहत प्रोविडेंट फंड की निकासी को और भी आसान और तेज बनाया जाएगा। यह नई व्यवस्था बैंकिंग सुविधाओं की तरह सुगम होगी, जहां कागजी कार्रवाई कम होगी और गलतियों की संभावना भी घट जाएगी। सबसे खास बात यह है कि अप्रैल 2026 तक आप UPI के जरिए अपना PF निकाल सकेंगे, जिसमें BHIM ऐप का इस्तेमाल भी शामिल है।
देशभर के किसी भी EPFO ऑफिस से करा सकेंगे काम-
EPFO 3.0 के तहत अब सदस्यों को अपने क्षेत्रीय EPFO ऑफिस तक ही सीमित नहीं रहना पड़ेगा। इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद कर्मचारी देश के किसी भी EPFO ऑफिस से अपने PF से जुड़े कामकाज निपटा सकेंगे। यह सुविधा खासतौर पर उन लोगों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी जो नौकरी के सिलसिले में अक्सर शहर बदलते रहते हैं। अब आपको अपने पुराने शहर के EPFO ऑफिस जाने की जरूरत नहीं होगी।
EPFO का पोर्टल भी पूरी तरह से नया और यूजर-फ्रेंडली बनाया जा रहा है। नई वेबसाइट में AI-आधारित भाषा अनुवाद टूल भी होगा, जिससे सदस्य अंग्रेजी के अलावा हिंदी, मराठी, तमिल और अन्य भारतीय भाषाओं में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। यह कदम EPFO की सेवाओं को आम लोगों के और करीब लाने में मददगार साबित होगा।
UPI से PF निकासी और तीन आसान कैटेगरी-
EPFO 3.0 में सबसे क्रांतिकारी बदलाव UPI के जरिए PF निकासी की सुविधा है। इस फीचर से सदस्यों को पैसा तेजी से मिल सकेगा और संभावना है, कि ATM से भी निकासी की सुविधा मिल सके। यह बिल्कुल बैंक अकाउंट से पैसे निकालने जितना ही सरल होगा।
पहले PF निकालने के लिए 13 अलग-अलग कारण थे, जिससे सदस्य अक्सर कन्फ्यूज हो जाते थे। अब इसे सिर्फ तीन श्रेणियों में बांटा गया है। पहली कैटेगरी है जरूरी आवश्यकताएं, जिसमें गंभीर बीमारी, शिक्षा और शादी शामिल हैं। दूसरी श्रेणी आवास जरूरतों के लिए है, जैसे घर खरीदना, निर्माण करना या होम लोन चुकाना। तीसरी कैटेगरी विशेष परिस्थितियों के लिए है, जैसे बेरोजगारी।
एक और महत्वपूर्ण बदलाव यह है, कि अब सभी श्रेणियों के लिए 12 महीने की सेवा अनिवार्य होगी। नए नियमों के तहत शिक्षा के लिए 10 बार तक और शादी के लिए 5 बार तक निकासी की अनुमति मिल सकती है।
ये भी पढ़ें- YouTube Shorts में AI की एंट्री, अब क्रिएटर्स अपनी पहचान से बनाएंगे वीडियो
75% तुरंत निकाल सकेंगे-
नई व्यवस्था में सदस्य अपने फंड का 75% हिस्सा तुरंत निकाल सकेंगे, जबकि बाकी 25% अकाउंट में बना रहेगा। यह कदम ब्याज लाभ और रिटायरमेंट सुरक्षा को बनाए रखने के लिए उठाया गया है। अगर कोई सदस्य एक साल तक बेरोजगार रहता है, तो उसे 100% PF बैलेंस निकालने की अनुमति दी जा सकती है।
ये भी पढ़ें- iPhone में आने वाला है बड़ा बदलाव, Siri को बदल सकता है Gemini-आधारित AI चैटबॉट
EPFO ने यह भी व्यवस्था की है, कि अब सदस्य अपनी प्रोफाइल में छोटी-मोटी गलतियां जैसे नाम, जन्मतिथि, माता-पिता का नाम और रोजगार की तारीखें खुद ऑनलाइन सुधार सकते हैं। इसके लिए अब नियोक्ता या EPFO की मंजूरी की जरूरत नहीं होगी। यह बदलाव समय की बचत करेगा और प्रक्रिया को और भी पारदर्शी बनाएगा।



