Surajkund Mela Update: हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित 39वें सुरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेले में कल शाम एक दुखद हादसा हो गया, जिसमें एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई और 13 अन्य लोग घायल हो गए। इस हादसे के बाद भी मेला आज अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा। हालांकि, फरीदाबाद जिला प्रशासन और सुरजकुंड मेला प्राधिकरण ने सुरक्षा को देखते हुए मेले के झूला क्षेत्र को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।
सुरक्षा जांच तक बंद रहेगा क्षेत्र-
एक अधिकारी ने स्पष्ट करते हुए बताया, कि 39वां सुरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेला रविवार को निर्धारित समय के अनुसार चलता रहेगा। हाल ही में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना को देखते हुए सावधानी के तौर पर झूला क्षेत्र को तब तक बंद रखा जाएगा, जब तक पूरी जांच नहीं हो जाती। प्रशासन ने बताया, कि व्यापक सुरक्षा समीक्षा चल रही है और संबंधित अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। मेले में आयोजित सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम, शिल्प प्रदर्शनी, खान-पान और मनोरंजन के अन्य आयोजन पूरी तरह सुरक्षित हैं और सुचारू रूप से चल रहे हैं।
हादसे में एक पुलिस इंस्पेक्टर की गई जान-
घटना शाम करीब 6:30 बजे हुई, जब सुरजकुंड मेले में एक जॉयराइड अचानक गिर गई। फरीदाबाद के उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया, कि इस हादसे में लगभग 13 लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत एम्बुलेंस में अस्पताल पहुंचाया गया। एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई, जो झूला झुकना शुरू होने पर लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे थे। झूले का एक हिस्सा उनके चेहरे और सिर पर आ गिरा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाकी घायल लोगों का इलाज जारी है। उपायुक्त ने बताया, कि जॉयराइड संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, एफआईआर दर्ज की जाएगी और पूरी जांच की जाएगी।
ये भी पढ़ें- भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे किसान, इस दिन देशभर में होगा विरोध प्रदर्शन
मुख्यमंत्री ने जताई संवेदना-
इस दुखद घटना पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने शहीद अधिकारी के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, कि फरीदाबाद में सुरजकुंड मेले के दौरान हुए हादसे से वे बेहद दुखी हैं। उन्होंने कहा, कि घायलों के उचित और तत्काल इलाज के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। हरियाणा सरकार घायलों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है, कि पर्यटकों और आम जनता की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
ये भी पढ़ें- Surajkund मेले में हुए दो बड़े हादसे, इंस्पेक्टर की गई जान इतने लोग घायल



