Salt and Memory: खाने की थाली में नमकदानी उठाना और एक चुटकी नमक डाल लेना, यह आदत आम लगती है। लेकिन एक नई रिसर्च ने चेतावनी दी है, कि यह छोटी सी आदत आपकी याददाश्त को चुपचाप कमज़ोर कर सकती है। न्यूरोबायोलॉजी ऑफ एजिंग जर्नल में प्रकाशित इस अध्ययन में पाया गया है, कि ज़्यादा नमक यानी सोडियम का सेवन एपिसोडिक मेमोरी यानी व्यक्तिगत अनुभवों को याद रखने की क्षमता को कमज़ोर कर सकता है। यह वही याददाश्त है, जो आपको बताती है, कि आपने गाड़ी कहां पार्क की या कोई ज़रूरी घटना कब हुई थी।
6 साल, 1,200 लोग और चौंकाने वाले नतीजे-
शोधकर्ताओं ने 1,200 से अधिक वयस्कों पर छह साल तक नज़र रखी। हर 18 महीने में उनकी मानसिक क्षमता की जांच की गई। नतीजे बेहद स्पष्ट थे, जो पुरुष ज़्यादा सोडियम खाते थे, उनमें याददाश्त तेज़ी से कमज़ोर हुई, खासकर पुरानी घटनाओं को याद करने में। दिलचस्प बात यह है, कि महिलाओं में यही असर नहीं देखा गया। इसका मतलब है, कि शरीर में जैविक अंतर के कारण नमक का असर पुरुषों और महिलाओं पर अलग-अलग होता है।
नमक दिमाग को कैसे नुकसान पहुंचाता है?
रिसर्च सीधे कारण-और-प्रभाव का दावा नहीं करती, लेकिन वैज्ञानिकों के अनुसार कई कारण हो सकते हैं। ज़्यादा नमक से रक्तचाप यानी ब्लड प्रेशर बढ़ता है, जिससे दिमाग तक खून का प्रवाह कम हो जाता है। दिमाग की कोशिकाओं में सूजन आ सकती है और रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचने से ऑक्सीजन और पोषक तत्वों की आपूर्ति प्रभावित होती है। मुख्य शोधकर्ता सामंथा गार्डनर ने बताया, कि ज़्यादा नमक खाने वाले पुरुषों में ब्लड प्रेशर भी अधिक था जो इस खतरे को और पुष्ट करता है।
अल्ज़ाइमर का बढ़ता खतरा-
यह रिसर्च इस बात को और मज़बूत करती है कि खानपान दिमाग की सेहत में बड़ी भूमिका निभाता है। वैज्ञानिकों का मानना है कि नमक कम करने से अल्ज़ाइमर जैसी बीमारियों को देरी से आने में मदद मिल सकती है। अल्ज़ाइमर में दिमाग में अमिलॉयड-बीटा प्रोटीन की गाँठें बनने लगती हैं जो न्यूरॉन्स के बीच संचार बाधित करती हैं और धीरे-धीरे उन्हें नष्ट कर देती हैं।
कितना नमक है बहुत ज़्यादा?
स्वास्थ्य दिशा-निर्देशों के अनुसार रोज़ाना 2,300 मिलीग्राम यानी एक चाय के चम्मच से कम सोडियम लेना चाहिए। लेकिन रोज़मर्रा के खाने में यह सीमा आसानी से पार हो जाती है। 3-4 पिज़्ज़ा के टुकड़ों में ही करीब 2,000 मिलीग्राम सोडियम होता है। दो बर्गर, 200 ग्राम नमकीन मूंफली या 150-170 ग्राम प्रोसेस्ड मीट यह सब बहुत ज़्यादा सोडियम देते हैं।
ये भी पढ़ें- मैदा सेहत के लिए नुकसानदायक! केक और ब्रेड में इन 8 हेल्दी आटे से करें आसान रिप्लेस
याददाश्त बचाने के आसान उपाय-
ताज़े और साबुत खाद्य पदार्थ चुनें, प्रोसेस्ड फूड से बचें। पैकेज्ड खाने पर न्यूट्रिशन लेबल ज़रूर पढ़ें। नमक की जगह जड़ी-बूटियों और मसालों से खाने में स्वाद लाएं। पर्याप्त पानी पिएं और ब्लड प्रेशर नियंत्रित रखें।
ये भी पढ़ें- न डाइटिंग, न सख्त नियम! च्युइंग गम और 3-2-1 रुस से शख्स ने 142 से 80 किलो किया अपना वज़न



