Weight Loss Trend: वज़न घटाने के लिए लोग क्या-क्या नहीं करते, डाइटिंग, कसरत, उपवास और न जाने क्या-क्या। लेकिन चीन में एक ऐसा तरीका सामने आया है, जो सुनने में जितना अजीब लगता है, असल में उतना ही खतरनाक भी है। वहां लोग अपने मुंह पर प्लास्टिक लपेट रहे हैं, खाने को चबाते हैं, लेकिन निगलते नहीं, बल्कि थूक देते हैं।
इस तरीके के पीछे सोच यह है, कि दिमाग को यह धोखा दिया जाए, कि शरीर ने खाना खा लिया है, जबकि असल में कुछ भी खाया नहीं गया। सोशल मीडिया पर यह तरीका तेजी से फैल रहा है और बहुत से लोग इसे अपना भी रहे हैं।
लोगों का दावा है, कि भूख कम लगती है-
कुछ लोगों का कहना है, कि इससे उनकी खाने की तलब कम होती है और बिना कुछ खाए ही उन्हें पेट भरा-भरा महसूस होता है। लेकिन क्या यह सच में काम करता है और क्या यह सुरक्षित है? एशियन हॉस्पिटल के डॉ. सुनील राणा ने साफ और सख्त शब्दों में कहा, “यह बेहद खतरनाक है।”
उनके मुताबिक, जब कोई मुंह पर प्लास्टिक लपेटता है, तो सांस अटकने का खतरा बना रहता है। अगर प्लास्टिक किसी भी तरह से शरीर के अंदर चली जाए, तो यह बेहद नुकसानदेह साबित हो सकती है।
सोशल मीडिया का दबाव और शरीर को लेकर बढ़ती चिंता-
मनी कंट्रोल के मुताबिक, डॉ. राणा बताते हैं, कि आज के दौर में लोगों पर खास दिखने का दबाव है और यही वजह है, कि पढ़े-लिखे लोग भी ऐसे बेतुके तरीके अपना लेते हैं। सोशल मीडिया पर दूसरों से खुद को तोलना, खासतौर पर युवाओं में, उन्हें गलत रास्ते की तरफ ले जाता है। भारत में भी अपने शरीर को लेकर बढ़ती चिंता और इस तरह की खतरनाक आदतें अब एक गंभीर सामाजिक समस्या बनती जा रही हैं।
प्लास्टिक शरीर के लिए जहर है-
डॉ. राणा ने यह भी समझाया, कि इंसानी शरीर प्लास्टिक को पचा नहीं सकता। अगर थोड़ी सी भी प्लास्टिक अंदर जाती है, तो पेट या आंतों में रुकावट आ सकती है, संक्रमण का खतरा बढ़ता है और इससे निकलने वाले जहरीले तत्व जिगर, दिमाग और शरीर के हार्मोन पर बुरा असर डालते हैं। यानी वजन घटाने की कोशिश में इंसान खुद को किसी बड़ी बीमारी की तरफ धकेल सकता है।
ये भी पढ़ें- जब जीवन में सब कुछ खो जाए, तो महर्षि अंगिरा का ये गुप्त मंत्र बदल देगा आपकी किस्मत
सही तरीके से घटाएं वजन-
डॉ. राणा का संदेश बिल्कुल साफ है, अगर सच में वजन कम करना है, तो सही तरीका अपनाएं। खान-पान को संतुलित करें, दिनभर थोड़ी हरकत बनाए रखें और धैर्य रखें। यही तरीका लंबे समय तक काम करता है और शरीर को कोई नुकसान भी नहीं पहुंचाता।
ये भी पढ़ें- Why do Dreams Come: नींद में हम क्यों देखते हैं सपने? विज्ञान ने खोला सपनों का राज़



