Anil Pandit
    Photo Source - Google

    Anil Pandit: मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलियां चलीं और बॉलीवुड में एक बार फिर डर का माहौल बन गया। फायरिंग के बाद जो धमकी सामने आई, उसका निशाना सिर्फ टाइगर नहीं थे। असली टारगेट सलमान खान और हर वो शख्स है, जो इंडस्ट्री में उनके साथ काम करता है। अमेरिका में बैठे गैंगस्टर अनिल पंडित ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली है।

    ऑडियो क्लिप में क्या कहा गया-

    कई सुरक्षा एजेंसियों को एक ऑडियो क्लिप मिली है। इसमें अनिल पंडित ने हरमन संधू को अपना साथी बताया है और मांग की है कि सलमान खान लॉरेंस बिश्नोई और बिश्नोई समाज से माफी मांगें। पंडित का दावा है कि टाइगर श्रॉफ को पहले ही चेताया गया था, लेकिन उन्होंने बात नहीं मानी। इसे उसने “पहली और आखिरी चेतावनी” कहा है और सलमान के साथ काम करने वाले दूसरे लोगों को भी मारने की धमकी दी है। क्लिप में सलमान के परिवार को लेकर भी धमकियां हैं। हालांकि अभी तक इस दावे की किसी स्वतंत्र स्रोत से पुष्टि नहीं हुई है।

    कौन है अनिल पंडित?

    सूत्रों के मुताबिक, अनिल पंडित हरियाणा के पानीपत का रहने वाला है। देश छोड़ने से पहले उस पर एक भी आपराधिक केस दर्ज नहीं था। माना जाता है, कि वह 2024 में “डंकी रूट” यानी अवैध तरीके से अमेरिका पहुंचा। वहां पहुंचकर वह बिश्नोई गैंग के लिए काम करने लगा। करीब आठ महीने पहले उसने गैंग के सदस्य रणदीप मलिक की जगह ली और तब से उस पर कई मामले दर्ज हो चुके हैं।

    दिलचस्प बात यह है, कि ऑडियो में वह लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेता है, लेकिन सूत्र बताते हैं, कि उसे सीधे लॉरेंस से आदेश नहीं मिलते। उसका हैंडलर हरि चंद जाट उर्फ हैरी बॉक्सर है, जो 2022 से अमेरिका से ऑपरेट कर रहा है। हैरी बॉक्सर पर राजस्थान, पंजाब और दिल्ली में एक्सटॉर्शन, लूट और हत्या के प्रयास जैसे केस दर्ज हैं।

    पहले भी निशाने पर रहे हैं सेलिब्रिटी-

    यह पहला मामला नहीं है। 11 जून को पश्चिम दिल्ली के पश्चिम विहार में पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा के 24HS फिटनेस जिम के बाहर सुबह करीब 4 बजे बाइक सवार दो हमलावरों ने फायरिंग की थी। कोई घायल नहीं हुआ, पुलिस को मौके से सात खाली कारतूस मिले और शूटर बाद में पकड़े गए।

    ये भी पढ़ें- Noida के मॉल में घी चुराते हुए पकड़ी गई महिला, वीडियो हो रहा वायरल

    इसी तरह 1 फरवरी को मुंबई में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर गोलियां चलीं। इसके बाद रणवीर सिंह, सलमान के बहनोई आयुष शर्मा और एक अन्य व्यक्ति को भी धमकियां मिलीं। इन सभी धमकियों में भेजने वालों ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया था।

    अब पंडित ने टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद उसी नाम का सहारा लिया है। जांच एजेंसियों को अभी यह साबित करना बाकी है, कि इस वारदात में उसकी असल भूमिका क्या थी।

    ये भी पढ़ें- अंजार में नाबालिग बेटी से पिता ने किया बार-बार दुष्कर्म, मां की मौजूदगी में..

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।