IndiGo Flight Bomb Threat
    Symbolic Photo Source - Meta

    IndiGo Flight Bomb Threat: दिल्ली से पश्चिम बंगाल के बागडोगरा जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-6650 को शनिवार सुबह बम की धमकी मिलने के बाद लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। विमान में सवार 238 लोगों की सुरक्षा को देखते हुए, तत्काल कार्रवाई करते हुए फ्लाइट को डायवर्ट किया गया। बागडोगरा एयरपोर्ट के डायरेक्टर ने न्यूज एजेंसी ANI को दी गई जानकारी में बताया, कि विमान सुबह 9.17 बजे लखनऊ में सुरक्षित लैंड कर गया और तुरंत आइसोलेशन बे में ले जाया गया, जहां सुरक्षा एजेंसियों ने गहन तलाशी अभियान चलाया।

    टिश्यू पेपर पर लिखा था खतरनाक संदेश-

    घटना की गंभीरता तब सामने आई, जब विमान के लैवेटरी में एक टिश्यू पेपर पर हाथ से लिखा हुआ नोट मिला जिसमें ‘प्लेन में बम’ लिखा था। यह धमकी भरा संदेश मिलने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सुबह करीब 8.46 बजे सूचना मिली। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत फ्लाइट को तुरंत निकटतम एयरपोर्ट यानी लखनऊ की ओर डायवर्ट करने का निर्णय लिया गया। पायलटों ने संयम और प्रोफेशनलिज्म दिखाते हुए विमान को सुरक्षित तरीके से लैंड कराया।

    बागडोगरा एयरपोर्ट डायरेक्टर ने बताया, “आज इंडिगो की फ्लाइट 6E-6650 जो दिल्ली से बागडोगरा जा रही थी, ने बम की धमकी के बाद लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की। विमान के लैवेटरी में एक टिश्यू पेपर पर हाथ से लिखा नोट मिला, जिसमें ‘प्लेन में बम’ लिखा था। ATC को धमकी की सूचना लगभग 8.46 बजे मिली। विमान डायवर्ट हुआ और 9.17 बजे लखनऊ में सुरक्षित लैंड कर गया।”

    238 लोग थे विमान में सवार-

    विमान में कुल 238 लोग सवार थे, जिनमें 222 वयस्क यात्री, आठ शिशु और सात क्रू मेंबर शामिल थे। क्रू मेंबर्स में दो पायलट और पांच केबिन क्रू शामिल थे। लैंडिंग के तुरंत बाद विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया, जहां सुरक्षा एजेंसियों ने सख्त सुरक्षा जांच शुरू की। बम डिस्पोजल स्क्वाड (BDS) और सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (CISF) की टीमों ने विमान की संपूर्ण तलाशी ली।

    ये भी पढ़ेंIran की जानलेवा हिंसा से बचकर घर लौटे भारतीय, सुनाई दिल दहला देने वाली कहानी

    सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे विमान में व्यापक खोज अभियान चलाया, जिसमें सभी बैगेज, केबिन, कार्गो एरिया और हर संभावित जगह की जांच की गई। यात्रियों को विमान से उतारकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया और उनकी काउंसलिंग की गई। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान एयरपोर्ट अथॉरिटी और एयरलाइन ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा का पूरा ध्यान रखा।

    ये भी पढ़ें- Vande Bharat Sleeper के उद्घाटन के कुछ ही घंटों बाद दिखी शर्मनाक तस्वीर, सोशल मीडिया पर बवाल

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।