Beauty Cream Side Effects: आजकल गोरी और चमकदार त्वचा पाने की चाहत में लोग बिना ज्यादा जांच-पड़ताल किए कई तरह की Beauty Creams और Skin Care Products का इस्तेमाल करने लगते हैं। लेकिन यही जल्दबाजी कई बार गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की वजह बन सकती है। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (MFDA) ने ऐसी ही तीन कॉस्मेटिक क्रीमों को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। जांच में इन उत्पादों में Mercury और Lead जैसी जहरीली धातुओं की मात्रा तय सीमा से कई गुना अधिक पाई गई है। इसके बाद लोगों से इनका इस्तेमाल तुरंत बंद करने की अपील की गई है।
इन तीन ब्यूटी प्रोडक्ट्स को बताया गया असुरक्षित-
MFDA की लैब जांच के बाद Goree Beauty Cream, Face Fresh Gold (Beauty Cream + Beauty Serum) और Golden Star Beauty Cream को गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं पाया गया। अधिकारियों के अनुसार, इन उत्पादों में मौजूद Mercury और Lead की मात्रा स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हो सकती है। यही वजह है कि प्रशासन ने इनकी खरीद, बिक्री और इस्तेमाल तुरंत रोकने की सलाह दी है।
लंबे समय तक इस्तेमाल से हो सकते हैं गंभीर नुकसान-
विशेषज्ञों के अनुसार Mercury और Lead जैसे भारी धातु वाले कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स का लगातार उपयोग शरीर के कई अंगों को नुकसान पहुंचा सकता है। MFDA ने चेतावनी दी है कि इन क्रीमों के लंबे समय तक इस्तेमाल से किडनी पर बुरा असर पड़ सकता है, तंत्रिका तंत्र (Nervous System) प्रभावित हो सकता है और त्वचा संबंधी गंभीर समस्याएं भी पैदा हो सकती हैं। शुरुआत में त्वचा चमकदार दिख सकती है, लेकिन धीरे-धीरे इसके दुष्प्रभाव सामने आने लगते हैं।
पैकेजिंग में भी मिली बड़ी लापरवाही-
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इन कॉस्मेटिक उत्पादों की पैकेजिंग पर जरूरी जानकारी मौजूद नहीं थी। कई उत्पादों पर निर्माता का नाम और पता, बैच नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट जैसी अनिवार्य जानकारी नहीं दी गई थी। ऐसे उत्पाद न केवल नियमों का उल्लंघन करते हैं बल्कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन सकते हैं।
दुकानदारों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स को मिला सख्त आदेश-
MFDA ने सभी रिटेलर्स, होलसेलर्स, डिस्ट्रीब्यूटर्स और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स को निर्देश दिया है कि इन उत्पादों की बिक्री और स्टॉकिंग तुरंत बंद करें। साथ ही जिन दुकानों या प्लेटफॉर्म्स के पास यह सामान मौजूद है, उन्हें वापस बुलाकर इसकी पूरी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपनी होगी। इससे बाजार में इन खतरनाक उत्पादों की उपलब्धता को जल्द से जल्द खत्म करने की कोशिश की जा रही है।
सोशल मीडिया पोस्ट के बाद बढ़ा मामला-
यह मामला तब चर्चा में आया जब उद्यमी और सोशल मीडिया पर्सनैलिटी चिराग बड़जात्या ने X पर महाराष्ट्र से जुड़े कुछ मामलों की जानकारी साझा की। उनके मुताबिक, नागपुर के डॉक्टरों ने पाया कि पिछले दो वर्षों में किडनी की समस्या से जूझ रही 18 महिलाओं ने Goree Beauty Cream का इस्तेमाल किया था। दावा किया गया कि यह क्रीम Instagram पेजों और ऑनलाइन मार्केटप्लेस के जरिए बेची जा रही थी।
ये भी पढ़ें- बिहार में 10 पुलिसकर्मी सस्पेंड, जांच में बाहरी दखल का का वीडियो…
चिराग बड़जात्या ने यह भी बताया, कि FDA की जांच में इस क्रीम में Mercury की मात्रा कानूनी सीमा से 752 गुना अधिक पाई गई। उनके अनुसार यह जहरीली धातु त्वचा में Melanin बनने की प्रक्रिया को नुकसान पहुंचाकर चेहरे को अस्थायी रूप से गोरा दिखाती है, लेकिन समय के साथ शरीर में जमा होकर खासतौर पर किडनी को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है।
कॉस्मेटिक खरीदते समय रखें ये सावधानी-
किसी भी Beauty Product को खरीदने से पहले उसकी पैकेजिंग पर निर्माता का नाम, बैच नंबर, निर्माण और एक्सपायरी डेट जैसी जरूरी जानकारी जरूर जांच लें। केवल सस्ता या सोशल मीडिया पर वायरल होने के कारण किसी प्रोडक्ट का इस्तेमाल करना आपकी सेहत पर भारी पड़ सकता है।
ये भी पढ़ें- क्या कम होने वाले हैं पैट्रोल-डीज़ल के दाम? जानिए पेट्रोलियम मंत्री मे क्या कहा



