Faridabad Child Murder Case: हरियाणा के फरीदाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां एक पिता ने अपनी साढ़े चार साल की मासूम बेटी की जान ले ली, सिर्फ इसलिए क्योंकि वो 50 तक गिनती नहीं लिख पाई थी। शनिवार को पुलिस ने इस बर्बर अपराध का खुलासा करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।
घटना का भयावह सच-
21 जनवरी को दिन के समय, जब आरोपी कृष्णा जयसवाल अपने घर पर बच्चों की देखभाल कर रहा था, उसने अपनी बेटी को पढ़ाना शुरू किया। पुलिस के अनुसार, जब मासूम बच्ची 50 तक गिनती लिखने में असफल रही, तो पिता का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। गुस्से में आकर उसने अपनी मासूम बेटी के साथ इतनी बुरी तरह मारपीट की कि बच्ची बेहोश हो गई। यह देखकर आरोपी घबरा गया और उसे सरकारी अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
झूठ की परतें और सच का उजागर होना-
अस्पताल पहुंचने के बाद कृष्णा ने अपनी पत्नी को फोन पर बताया, कि बच्ची खेलते समय सीढ़ियों से गिर गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई। उस वक्त उसकी पत्नी प्राइवेट कंपनी में काम कर रही थी। लेकिन जब मां अस्पताल पहुंची तो उसने अपनी बेटी के शरीर पर कई चोट के निशान देखे। बच्ची के पूरे चेहरे पर नीले निशान थे, जिसे देखकर मां को शक हुआ, कि कुछ गड़बड़ है।
माँ की ममता और सतर्कता ने इस मामले को तूल दिया। उसने तुरंत पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराई। सेक्टर 56 क्राइम ब्रांच की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार किया और पूछताछ शुरू की। लगातार पूछताछ के दौरान कृष्णा ने अपना अपराध कबूल कर लिया।
आरोपी-
फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता यशपाल ने बताया, कि आरोपी कृष्णा जयसवाल उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के खरंटिया गांव का रहने वाला है। वह अपनी पत्नी के साथ कई सालों से फरीदाबाद के झारसैंतली गांव में किराए के मकान में रह रहा था। दोनों पति-पत्नी एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। इनके तीन बच्चे हैं, जिनमें सात साल का बेटा, साढ़े चार साल की बेटी और दो साल की छोटी बेटी शामिल हैं। दिन में कृष्णा घर पर रहकर बच्चों की देखभाल करता था, जबकि रात में उसकी पत्नी यह जिम्मेदारी संभालती थी।
ये भी पढ़ें- अमृतसर-दिल्ली रेलवे लाइन पर ब्लास्ट, 12 फीट ट्रैक उड़ा, जानिए मामला
पुलिस की कार्रवाई और आगे की जांच-
पूछताछ के दौरान कृष्णा ने स्वीकार किया, कि उसकी बेटी स्कूल नहीं जाती थी, इसलिए वह उसे घर पर पढ़ा रहा था। जब बच्ची गिनती ठीक से नहीं लिख पाई तो वह इतना गुस्सा हो गया. कि उसने बच्ची को बुरी तरह पीटा, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से एक दिन का रिमांड मिला है। फिलहाल जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- सीनियर्स ने जूनियर्स को शराब लाने को किया मजबूर, फिर रॉड से की पिटाई, जानिए पूरा मामला



