Delhi Cheap Home Loan: दिल्ली के लोगों को किफायती, सरल और पारदर्शी आवास ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में दिल्ली सरकार ने एक और अहम पहल की है। इसी कड़ी में रोहिणी सेक्टर-16 में दिल्ली सहकारी आवास वित्त निगम लिमिटेड यानी DCHFC की नई शाखा का उद्घाटन समाज कल्याण एवं सहकारिता मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने किया। इस नई शाखा के शुरू होने से उत्तर-पश्चिम दिल्ली और आसपास के इलाकों में रहने वाले हजारों लोगों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।
उत्तर-पश्चिम दिल्ली के लिए राहत की खबर-
समाचार वेबसाइट ज़ी न्यूज़ के मुताबिक, यह शाखा सीरी फोर्ट के बाद दिल्ली में DCHFC का दूसरा कार्यालय है। उद्घाटन समारोह में विभागीय अधिकारी, अलीपुर से निगम पार्षद योगेश राणा और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला, क्योंकि अब उन्हें सस्ते होम लोन के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। रोहिणी जैसे तेजी से विकसित हो रहे इलाके में इस तरह की सुविधा लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
पूर्व सरकारों पर टिप्पणी, मौजूदा सरकार की प्राथमिकता साफ-
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने कहा कि पूर्व सरकारों के कार्यकाल में सहकारी क्षेत्र को लगातार नजरअंदाज किया गया, लेकिन मौजूदा सरकार की प्राथमिकता आम आदमी है। उन्होंने कहा कि मध्यम और निम्न आय वर्ग के लोग, साथ ही सहकारी आवास समितियों से जुड़े परिवार, अब कम ब्याज दर पर होम लोन ले सकेंगे। सरकार का साफ लक्ष्य है कि सहकारिता के माध्यम से हर व्यक्ति के अपने घर का सपना पूरा हो।
DCHFC को तकनीकी रूप से मजबूत करने की तैयारी-
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रोहिणी शाखा के सफल संचालन के साथ-साथ दिल्ली के अन्य हिस्सों में भी DCHFC की नई शाखाएं खोलने के लिए चरणबद्ध योजना तैयार की जाए। उन्होंने यह भी कहा, कि जनसंपर्क और प्रचार को और मजबूत किया जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक इस योजना की जानकारी पहुंचे। DCHFC को तकनीकी रूप से अपग्रेड किया जाएगा, जिससे लोन अप्रूवल की प्रक्रिया आसान, समयबद्ध और पूरी तरह ट्रांसपेरेंट हो सके।
1600 करोड़ की क्षमता वाला मजबूत संस्थान-
रविन्द्र इंद्राज सिंह ने बताया कि DCHFC की स्थापना मूल रूप से आवास ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी। लंबे समय तक इसकी केवल एक ही शाखा रही, जिससे इसकी पहुंच सीमित थी। अब रोहिणी में नई शाखा खुलने से इसके विस्तार की नई शुरुआत हुई है। आज यह निगम करीब 1600 करोड़ रुपये की वित्तीय क्षमता वाला एक मजबूत सहकारी वित्तीय संस्थान बन चुका है।0
7.30 प्रतिशत ब्याज दर बनी खास आकर्षण-
मंत्री ने कहा कि रोहिणी एक तेजी से विकसित हो रहा रिहायशी इलाका है और यहां 7.30 प्रतिशत की शुरुआती ब्याज दर पर होम लोन उपलब्ध कराना देश की सबसे किफायती दरों में से एक है। सरकार चाहती है कि इस सुविधा का सही तरीके से प्रचार हो, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें और प्राइवेट बैंकों पर निर्भरता कम हो।
ये भी पढ़ें- अमृतसर-दिल्ली रेलवे लाइन पर ब्लास्ट, 12 फीट ट्रैक उड़ा, जानिए मामला
दिल्ली के हर कोने तक पहुंचेगी सुविधा-
उन्होंने यह भी ऐलान किया कि आने वाले समय में पूर्वी, पश्चिमी, उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली में DCHFC की और शाखाएं खोली जाएंगी। सहकारिता मंत्रालय के सहयोग से इस निगम को दिल्ली का सबसे सशक्त सहकारी वित्तीय संस्थान बनाया जाएगा। अधिकारियों को आरडब्ल्यूए, हाउसिंग सोसायटी और प्रॉपर्टी डीलरों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि हर घर तक सस्ते और पारदर्शी आवास ऋण की सुविधा पहुंच सके।
ये भी पढ़ें- Faridabad Child Murder Case: एक पिता ने की अपनी ही 4 साल की बेटी की हत्या, जानिए पूरा मामला



