Faridabad Holi Offer
    Symbolic Photo Source - Google

    Faridabad Holi Offer: जैसे-जैसे होली करीब आती है, शहर का माहौल अपने आप बदलने लगता है। गलियों में रौनक बढ़ जाती है, बाजारों में अबीर-गुलाल की खुशबू घुल जाती है और दुकानों पर रंगों की कतारें सज जाती हैं। बच्चों की आंखों में नई पिचकारी के सपने तैरने लगते हैं। हर तरफ एक ही चर्चा होती है, इस बार होली कैसे मनाई जाए। हर साल की तरह इस बार भी फरीदाबाद रंगों में रंगने को तैयार है, लेकिन इस बार शहर में एक खास वजह से ज्यादा चर्चा हो रही है।

    सिर्फ 1 रुपये में बढ़िया गुलाल, सच या सरप्राइज?

    महंगाई के इस दौर में जहां एक टॉफी भी एक रुपये में मिलना मुश्किल है, वहीं समाचार वेबसाइट News18 के मुताबिक, बल्लभगढ़ सब्जी मंडी की एक दुकान पर सिर्फ 1 रुपये में बढ़िया क्वालिटी का गुलाल मिल रहा है। सुनकर यकीन करना थोड़ा मुश्किल जरूर है, लेकिन ये बिल्कुल सच है। सुबह से ही दुकान पर भीड़ लगी रहती है। माता-पिता अपने बच्चों के साथ पहुंच रहे हैं, तो युवा भी इस खास ऑफर का फायदा उठाने में पीछे नहीं हैं।

    सबसे खास बात यह है, कि यहां मिलने वाला गुलाल ऑर्गेनिक और हर्बल है। यानी रंगों में क्वालिटी से कोई समझौता नहीं। जहां आमतौर पर सस्ते दाम पर मिलने वाले रंगों को लेकर लोगों के मन में शंका रहती है, वहीं यहां भरोसे के साथ रंग खरीदे जा रहे हैं।

    दुकान मालिक की सोच ने जीता दिल-

    दुकान के मालिक राहुल सिंगला बताते हैं, कि उनके पिता पिछले 15 साल से इस दुकान को चला रहे हैं और पिछले चार सालों से वे खुद होली के कारोबार को संभाल रहे हैं। एक रुपये में गुलाल देने के पीछे उनका मकसद सिर्फ कारोबार नहीं, बल्कि खुशी बांटना है। उनका कहना है, कि हर बच्चा, चाहे वह अमीर हो या गरीब, होली का त्योहार पूरे उत्साह से मना सके। यही सोच इस पहल के पीछे है।

    हालांकि यह ऑफर सिर्फ रिटेल ग्राहकों के लिए है और एक व्यक्ति को केवल एक पाउच ही दिया जा रहा है। यानी यह सच में एक तरह का तोहफा है, न कि मुनाफे का सौदा।

    पिचकारियों की भी भरमार, हर बजट का ध्यान-

    गुलाल के साथ-साथ दुकान पर पिचकारियों की भी लंबी रेंज मौजूद है। 5 रुपये से लेकर 2500 रुपये तक की पिचकारियां यहां मिल रही हैं। इस बार इलेक्ट्रिक और ऑटोमेटिक पिचकारियां भी खास आकर्षण बनी हुई हैं, जो बटन दबाते ही खुद पानी भर लेती हैं। 1700 रुपये वाली इलेक्ट्रिक पिचकारी लोगों का ध्यान खींच रही है, लेकिन सबसे ज्यादा बिक्री 300 से 500 रुपये वाली मीडियम रेंज की पिचकारियों की हो रही है। प्रेशर टैंक वाली पिचकारियां भी ग्राहकों को खूब पसंद आ रही हैं।

    ये भी पढ़ें- IDFC First Bank में ₹590 करोड़ का घोटाला! क्या आपका पैसा सुरक्षित है? जानें डिटेल

    भरोसे की कमाई, खुशियों की कमाई-

    राहुल बताते हैं, कि गुलाल की कई रेंज उपलब्ध हैं। होलसेल में ढाई रुपये से शुरुआत होकर 80 ग्राम के पाउच 25 रुपये तक मिलते हैं। दूर-दूर से लोग यहां खरीदारी करने आ रहे हैं, क्योंकि यहां सही दाम और भरोसेमंद क्वालिटी मिलती है। उनका कहना है, कि हम जो रेट बताते हैं, वही लेते हैं। लोगों का हम पर भरोसा है और हम उसे निभा रहे हैं।

    ये भी पढ़ें- Rahul Gandhi: Epstein files में नाम और Adani case के चलते संसद में नहीं आए पीएम, असली डर..

    इस होली, बल्लभगढ़ सब्जी मंडी की यह दुकान सिर्फ रंग नहीं, बल्कि खुशियां भी बांट रही है, वो भी सिर्फ 1 रुपये में। शायद यही असली त्योहार की भावना है, जहां रंगों से ज्यादा मायने रखती है मुस्कान।

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।