Delhi GRAP 1: दिल्ली-NCR की हवा एक बार फिर चिंता का कारण बन गई है। 16 अप्रैल 2026 को एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) ‘Poor’ यानी 201 से 300 के बीच पहुंचने के बाद सरकार ने GRAP (Graded Response Action Plan) का Stage 1 (अंग्रेजी समाचार वेबसाइट टाइम्स नाउ के मुताबिक) लागू कर दिया है। यह कदम Commission for Air Quality Management द्वारा एक प्री-एम्प्टिव एक्शन के तौर पर उठाया गया है, जिससे हालात और ज्यादा खराब न हों। लेकिन सवाल यह है कि आखिर इसका आम लोगों की जिंदगी पर क्या असर पड़ेगा?
क्या है GRAP Stage 1 और क्यों जरूरी है?
GRAP का Stage 1 तब लागू किया जाता है, जब हवा की गुणवत्ता ‘Poor’ कैटेगरी में पहुंच जाती है। इसका मकसद पहले ही सख्ती दिखाकर प्रदूषण को बढ़ने से रोकना है। इस स्टेज में 27 पॉइंट का एक्शन प्लान लागू किया जाता है, जो पूरे NCR में पालन करना जरूरी होता है। यानी अब सिर्फ सरकार ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों को भी जिम्मेदारी निभानी होगी।
निर्माण कार्यों पर सख्ती-
Stage 1 लागू होते ही कंस्ट्रक्शन और ध्वसं (C&D) साइट्स पर सख्त नियम लागू कर दिए गए हैं। अब 500 वर्ग मीटर या उससे बड़े प्रोजेक्ट बिना डस्ट मैनेजमेंट प्लान के नहीं चल सकेंगे। एंटी-स्मॉग गन, पानी का छिड़काव और मशीन से सड़क साफ करना अनिवार्य कर दिया गया है। इसका सीधा असर उन इलाकों में दिखेगा जहां लगातार निर्माण कार्य चल रहे हैं।
कचरा जलाने पर पूरी तरह रोक-
खुले में कचरा जलाने पर अब पूरी तरह बैन लगा दिया गया है। चाहे वो पत्ते हों, प्लास्टिक हो या अन्य वेस्ट सब पर सख्ती से रोक है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं, कि कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटान किया जाए। अगर कोई इस नियम का उल्लंघन करता है, तो उस पर सख्त कार्रवाई हो सकती है।
गाड़ियों पर नजर, ट्रैफिक नियम हुए सख्त-
प्रदूषण का बड़ा कारण वाहन भी हैं, इसलिए अब PUC नियमों को और कड़ाई से लागू किया जाएगा। 10 साल से ज्यादा पुराने डीजल और 15 साल से ज्यादा पुराने पेट्रोल वाहनों पर नजर रखी जाएगी। रेड लाइट पर गाड़ी बंद रखने की सलाह दी गई है, ताकि फालतू का धुआं कम हो। साथ ही, बिना जरूरी काम वाले ट्रकों को शहर में एंट्री नहीं मिलेगी और उन्हें पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से डायवर्ट किया जाएगा।
ईंधन पर भी नियंत्रण, DG सेट्स पर पाबंदी-
सड़क किनारे ढाबों और होटलों में अब कोयला या लकड़ी जलाने पर रोक है। उन्हें गैस या बिजली का इस्तेमाल करना होगा। इसके अलावा, डीजल जनरेटर (DG) सेट्स का उपयोग केवल जरूरी सेवाओं जैसे अस्पताल, मेट्रो और एयरपोर्ट तक सीमित कर दिया गया है।
आम लोगों की जिम्मेदारी भी उतनी ही जरूरी-
नागरिकों से अपील है, कि वे भी अपनी जिम्मेदारी निभाएं। गाड़ियों की समय-समय पर सर्विस कराएं, पब्लिक ट्रांसपोर्ट या कारपूलिंग का इस्तेमाल करें और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों की शिकायत Green Delhi App, 311 App या SAMEER App पर करें।
ये भी पढ़ें- जानिए क्या है Women Reservation Bill? क्या ये सच में देगा महिलाओं को एक नई आवाज़ या सिर्फ…
क्या इससे सुधरेगी दिल्ली की हवा?
GRAP Stage 1 लागू करना एक जरूरी कदम है, लेकिन असली बदलाव तब आएगा, जब हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझेगा। अगर नियमों का सही तरीके से पालन हुआ, तो उम्मीद है कि दिल्ली-NCR की हवा जल्द ही बेहतर हो सकेगी।
ये भी पढ़ें- दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, स्पाइसजेट और अकासा के विमानों में टक्कर, जानिए पूरा मामला



