Free LPG Cylinder: राजधानी दिल्ली के राशन कार्ड धारकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को एक अहम घोषणा करते हुए कहा, कि अब दिल्ली के वैध राशन कार्ड धारक परिवारों को होली और दिवाली के त्योहारों पर मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिया जाएगा। यह योजना आम आदमी की जेब पर बढ़ते बोझ को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कैबिनेट की बैठक में लिया गया फैसला-
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई दिल्ली कैबिनेट की बैठक में इस योजना को मंजूरी दी गई। इसके तहत पात्र लाभार्थियों को एलपीजी सिलेंडर की पूरी कीमत यानी 853 रुपये सीधे उनके बैंक खाते में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजे जाएंगे। यह राशि त्योहार से पहले ही लाभार्थियों के खाते में पहुंच जाएगी, जिससे वह बिना किसी परेशानी के अपना त्योहार मना सकें।
किसे मिलेगा Free LPG Cylinder?
दिल्ली सरकार की इस योजना का लाभ दिल्ली के उन परिवारों को मिलेगा, जिनके पास वैध राशन कार्ड है। खासतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लगभग 17.18 लाख राशन कार्ड धारक परिवार इस योजना के पात्र होंगे। चाहे आप एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल करते हों या फिर पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन का, दोनों ही मामलों में आपको इस योजना का फायदा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया, कि सभी एलिजिबल राशन कार्ड धारक इसका लाभ उठा सकते हैं, बस उनका राशन कार्ड वैलिड होना चाहिए।
PNG कनेक्शन वालों को भी मिलेगा लाभ-
इस योजना की खास बात यह है, कि न केवल एलपीजी सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले बल्कि पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन का उपयोग करने वाले पात्र राशन कार्ड धारकों को भी इस योजना का फायदा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने ब्रीफिंग में यह जानकारी देते हुए कहा, कि सरकार का उद्देश्य सभी जरूरतमंद परिवारों तक इस योजना का लाभ पहुंचाना है।
होली से पहले खाते में आएगी रकम-
सरकार ने यह सुनिश्चित किया है, कि होली के त्योहार से पहले ही पात्र लाभार्थियों के बैंक खाते में यह राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी। इससे लोगों को त्योहार की तैयारियों में किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी।
ये भी पढ़ें- हेड कांस्टेबल के साथ महिला ने की मारपीट, वर्दी फाड़ी और दांतो से काटा, जानिए पूरा मामला
242 करोड़ रुपये का बजट-
दिल्ली सरकार ने इस मुफ्त गैस सिलेंडर योजना के लिए 242 करोड़ रुपये का बजट दिया है। मुख्यमंत्री ने बताया, कि यह राशि लगभग 17.18 लाख आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के राशन कार्ड धारकों को लाभ पहुंचाने के लिए निर्धारित की गई है। यह योजना गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए एक बड़ी राहत साबित होगी, खासकर जब महंगाई लगातार बढ़ रही है।
यह पहल दिल्ली सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का हिस्सा है और इससे राजधानी के लाखों परिवारों को सीधा फायदा होगा। त्योहारों के मौके पर यह योजना निश्चित रूप से लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाएगी।
ये भी पढ़ें- Ghaziabad में होटल कर्मचारी और मालिक ने की ग्राहकों की बेरहमी से हत्या, जानिए क्या था विवाद



