Delhi School Gun Case
    Symbolic Photo Source - Google

    Delhi School Gun Case: उत्तर पश्चिम दिल्ली के अमन विहार स्थित एक प्रसिद्ध पब्लिक स्कूल में सोमवार को बड़ा खुलासा हुआ। एक 18 वर्षीय छात्र के पास से देसी पिस्टल और दस जिंदा कारतूस बरामद किए गए। स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। अमन विहार पुलिस स्टेशन में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर छात्र को हिरासत में ले लिया गया।

    पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामला तब सामने आया, जब स्कूल के एस्टेट ऑफिसर ने रूटीन चेकिंग के दौरान दूसरी मंजिल के टॉयलेट में किसी वस्तु को छिपाते हुए छात्र को देखा। जैसे ही छात्र को एहसास हुआ, कि उसे देख लिया गया है, वह वहां से भागने की कोशिश करने लगा।

    कैसे हुआ खुलासा-

    स्कूल के एस्टेट ऑफिसर ने संदिग्ध हरकत देखते ही छात्र का पीछा किया। स्कूल के स्टेज के पास छात्र को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से देसी कट्टा और दस जिंदा कारतूस मिले। यह देखकर स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

    छात्र को तुरंत प्रिंसिपल के सामने पेश किया गया। प्रिंसिपल ने फौरन पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। स्टूडेंट सेफ्टी को लेकर गंभीर चिंता के मद्देनजर स्थानीय पुलिस टीम तुरंत स्कूल पहुंच गई।

    छात्र ने बताई ये वजह-

    पुलिस ने छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी छात्र ने बताया, कि वह किसी दूसरे छात्र से व्यक्तिगत विवाद के कारण हथियार लेकर आया था। उसने कहा, कि उसका किसी अन्य स्टूडेंट से झगड़ा चल रहा था और इसी वजह से वह पिस्टल लेकर स्कूल आया।

    पुलिस अधिकारियों ने बताया, कि वे इस बात की जांच कर रहे हैं, कि छात्र को यह देसी कट्टा कहां से मिला। क्या किसी और का भी इसमें हाथ है, यह भी पता लगाया जा रहा है।

    दो दिन की पुलिस रिमांड-

    आरोपी छात्र को रोहिणी कोर्ट में ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास के सामने पेश किया गया। कोर्ट ने आगे की पूछताछ के लिए दो दिन की पुलिस कस्टडी दे दी है। पुलिस हथियार के सोर्स का पता लगाने में जुटी है।

    स्कूलों में सुरक्षा पर सवाल-

    यह घटना राजधानी के स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। एक प्रसिद्ध पब्लिक स्कूल में छात्र देसी पिस्टल और कारतूस कैसे लेकर आ गया, यह चिंता का विषय है। स्कूल गेट पर चेकिंग कितनी सख्त है, इस पर भी सवाल उठे हैं। स्कूलों में मेटल डिटेक्टर और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सख्ती से लागू होनी चाहिए। हर छात्र का बैग चेक होना जरूरी है।

    ये भी पढ़ें- Delhi Flyover 38 करोड़ का प्रोजेक्ट! जनकपुरी, सीलमपुर और जखीरा में बदलेगी तस्वीर

    अभिभावकों में चिंता-

    इस घटना से स्कूल में पढ़ने वाले अन्य बच्चों के अभिभावक भी चिंतित हैं। कई पेरेंट्स ने स्कूल प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। वे चाहते हैं, कि स्कूल में एंट्री से पहले हर छात्र की पूरी चेकिंग हो। पुलिस ने मामले की आगे की जांच जारी रखी है। हथियार कहां से आया और क्या कोई और भी इसमें शामिल है, यह जल्द पता चल जाएगा।

    ये भी पढ़ें- महिलाओं के इनरवेयर पहनकर सड़कों पर घूमता था युवक, पुलिस ने किया गिरफ्तार