Mouni Roy: टीवी और फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री मौनी रॉय ने हाल ही में करनाल में हुए, एक इवेंट के दौरान अपने साथ हुई बदसलूकी को लेकर आवाज उठाई है। शनिवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए मौनी ने इस घटना का विस्तार से जिक्र करते हुए बताया, कि किस तरह कुछ मेहमानों के व्यवहार ने उन्हें अपमानित और परेशान महसूस कराया।
स्टेज पर शुरू हुआ उत्पीड़न-
मौनी ने अपने नोट में बताया, कि जैसे ही वह स्टेज पर गईं, कुछ बुजुर्ग मेहमानों ने उनकी कमर पर हाथ रखकर फोटो खिंचवाने की कोशिश की। उन्होंने लिखा, कि करनाल में हुए इस इवेंट में खासकर दो अंकल्स का बर्ताव बेहद शर्मनाक था, जो उम्र में दादा बनने लायक थे। जब मौनी ने विनम्रता से कहा, कि वे अपना हाथ हटाएं, तो उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

परफॉर्मेंस के दौरान स्थिति और भी बदतर हो गई। मौनी के मुताबिक, दो अंकल्स स्टेज के ठीक सामने खड़े होकर अभद्र टिप्पणियां कर रहे थे और गंदे इशारे कर रहे थे। जब मौनी ने उन्हें ऐसा न करने का इशारा किया, तो उन्होंने उन पर गुलाब फेंकना शुरू कर दिया। हैरानी की बात यह रही, कि इस दौरान न तो किसी परिवार के सदस्य ने और न ही आयोजकों ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
बिना सहमति के किया गया फिल्मांकन-
मौनी ने यह भी बताया, कि कुछ मर्द नीचे से लो एंगल पर उनकी वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे, जिससे उन्हें बेहद असहज महसूस हुआ। उन्होंने परफॉर्मेंस के बीच में ही स्टेज छोड़ने की कोशिश की, लेकिन अपनी प्रोफेशनलिज्म दिखाते हुए वापस लौटीं और परफॉर्मेंस पूरी की। इसके बावजूद हैरासमेंट नहीं रुकी।
ये भी पढ़ें- श्वेता तिवारी से शादी की खबरों पर तोड़ी विशाल ने तोड़ी चुप्पी, कहा बहुत हो गया मैं उन्हें..
इंडस्ट्री में लड़कियों की सुरक्षा पर सवाल-
इस घटना को साझा करते हुए मौनी ने एक बड़ा सवाल उठाया, कि अगर उनके जैसी अभिनेत्री के साथ ऐसा हो सकता है, तो इंडस्ट्री में नई शुरुआत करने वाली लड़कियों के साथ क्या होता होगा। उन्होंने अधिकारियों से ऐसे व्यवहार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मौनी ने अपने नोट के अंत में एक मजबूत संदेश दिया, कि अगर ये लोग अपने परिवार की महिलाओं के साथ ऐसा व्यवहार देखें, तो कैसा महसूस करेंगे।
ये भी पढ़ें- गोविंदा का बड़ा आरोप, Krishna के शो में होता है मेरा अपमान, जानिए कृष्णा ने क्या कहा
मौनी रॉय ने अपने करियर की शुरुआत ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ से की थी और बाद में ‘देवों के देव महादेव’ और ‘नागिन’ जैसे शोज से मशहूर हुईं। हाल ही में वह हॉरर फिल्म ‘द भूतनी’ में नजर आईं।



