Automatic Car Conversion: शहरों में बढ़ते ट्रैफिक और रोज़ाना के जाम से जूझ रहे, कई कार मालिक आजकल एक ही सवाल पूछ रहे हैं, क्या उनकी मैनुअल कार को ऑटोमैटिक में बदला जा सकता है? खासतौर पर वे लोग, जो बार-बार क्लच दबाने और गियर बदलने से थक चुके हैं, इस विकल्प को गंभीरता से सोच रहे हैं। तकनीकी तौर पर यह संभव तो है, लेकिन एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह प्रक्रिया जितनी आसान सुनाई देती है, उतनी है नहीं।
मैनुअल से ऑटोमैटिक में बदलाव की असली प्रक्रिया-
कई लोग मानते हैं, कि मैनुअल कार को ऑटोमैटिक बनाने के लिए बस गियर सिस्टम बदलना पड़ता है, लेकिन हकीकत इससे कहीं ज्यादा कॉम्प्लेक्स है। इस कन्वर्ज़न में क्लच सिस्टम, ट्रांसमिशन और इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल यूनिट जैसे अहम पार्ट्स में बड़े बदलाव करने होते हैं। कुछ वर्कशॉप्स में पूरा ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन किट लगाया जाता है, जबकि कुछ जगहों पर Intelligent Manual Transmission यानी IMT सिस्टम फिट किया जाता है। IMT में क्लच ऑटोमैटिक हो जाता है, लेकिन ड्राइवर को गियर मैनुअली बदलना पड़ता है।
इलेक्ट्रॉनिक्स और RTO अप्रूवल भी जरूरी-
मैकेनिकल बदलाव के साथ-साथ कार की वायरिंग, ECU और गियर लिंकेंज में भी मॉडिफिकेशन करना पड़ता है। इसके बाद सबसे अहम स्टेप आता है, RTO की मंजूरी। भारत में किसी भी बड़े व्हीकल मॉडिफिकेशन के बाद रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट यानी RC अपडेट कराना जरूरी होता है। बिना RTO अप्रूवल के ऐसी कार चलाना कानूनी तौर पर गलत माना जा सकता है।
भारत में कितनी आती है लागत-
अगर बात खर्च की करें, तो भारत में मैनुअल से ऑटोमैटिक कन्वर्ज़न सस्ता सौदा नहीं है। छोटी और मिड-रेंज कारों के लिए बेसिक ऑटोमैटिक किट की कीमत करीब 70 हजार रुपये से शुरू होकर 1.3 लाख रुपये तक जा सकती है। वहीं, बड़ी या प्रीमियम कारों में इस्तेमाल होने वाले एडवांस्ड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स सिस्टम की कीमत 1.5 लाख से 2.5 लाख रुपये या उससे भी ज्यादा हो सकती है। इस रकम में किट, लेबर चार्ज, ECU रीमैपिंग और कानूनी पेपरवर्क शामिल होता है। कार के मॉडल और वर्कशॉप की एक्सपर्टीज के हिसाब से यह खर्च और बढ़ भी सकता है।
फायदे तो हैं, लेकिन सीमाएं भी-
ऑटोमैटिक कन्वर्ज़न का सबसे बड़ा फायदा है शहर के ट्रैफिक में आरामदायक ड्राइविंग। क्लच की झंझट खत्म होने से थकान कम होती है और रोज़ की ड्राइव स्मूद लगती है। लेकिन एक्सपर्ट्स यह भी चेतावनी देते हैं कि हर केस में यह फैसला फायदे का नहीं होता। कई बार कन्वर्ज़न पर आने वाला कुल खर्च, उसी कार के फैक्ट्री-फिटेड ऑटोमैटिक वर्ज़न और मैनुअल वर्ज़न के प्राइस डिफरेंस से ज्यादा हो जाता है।
ये भी पढ़ें- तीन लड़कों ने स्क्रैप से बना डाली देश की पहली AI बाइक, फीचर्स जानकर रह जाएंगे दंग
कानूनी और सेफ्टी पहलू नजरअंदाज न करें-
कन्वर्ज़न के बाद कार की सेफ्टी टेस्टिंग जरूरी होती है और इंश्योरेंस कंपनी को भी इसकी जानकारी देनी होती है। अगर डॉक्यूमेंट्स अपडेट नहीं हुए या इंश्योरेंस को सूचित नहीं किया गया, तो एक्सीडेंट के समय क्लेम में दिक्कत आ सकती है।
कुल मिलाकर, मैनुअल कार को ऑटोमैटिक में बदलना संभव जरूर है, लेकिन यह फैसला सोच-समझकर लेने की जरूरत है। सही वर्कशॉप, पर्याप्त बजट और कानूनी नियमों का पालन किए बिना यह कदम उठाना नुकसानदेह साबित हो सकता है। कई मामलों में नई या सेकेंड हैंड फैक्ट्री-बिल्ट ऑटोमैटिक कार खरीदना ज्यादा समझदारी भरा विकल्प हो सकता है।
ये भी पढ़ें- Nissan Tekton: 2026 में भारत आ रही है धाकड़ SUV! जानिए डिजाइन और फीचर्स



