Viral Video: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक स्कूल के अंदर हुई हिंसक घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया है। शहर के कैंटोनमेंट इलाके स्थित लिटिल फ्लावर स्कूल में एक नाबालिग छात्र ने अपने शिक्षक पर चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है, कि छात्र स्कूल में अपना ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) लेने पहुंचा था, लेकिन इसी दौरान हुए विवाद ने ऐसा खतरनाक मोड़ ले लिया जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।
इस घटना के बाद स्कूल प्रशासन, अभिभावकों और स्थानीय लोगों के बीच चिंता का माहौल बन गया है। आमतौर पर स्कूल को शिक्षा और अनुशासन का केंद्र माना जाता है, लेकिन इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात-
घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें छात्र, शिक्षक और स्कूल के प्रिंसिपल को प्रिंसिपल के केबिन में बातचीत करते हुए देखा जा सकता है। शुरुआत में माहौल सामान्य दिखाई देता है, लेकिन कुछ ही पलों बाद छात्र अचानक आक्रामक हो जाता है।
"Shocking Minor Student Stabs Teacher with Knife at Little Flower School in Chhatrapati Sambhajinagar"
— Siraj Noorani (@sirajnoorani) June 30, 2026
Chhatrapati Sambhajinagar Breaking News
Shocking incident at Little Flower School, Cantonment: A minor student allegedly stabbed his teacher with a knife. The teacher was… pic.twitter.com/GBTUsHFrax
वीडियो में देखा जा सकता है, कि छात्र शिक्षक को धमकाने जैसा व्यवहार करता है, जिसके बाद तीनों लोग अपनी सीट से खड़े हो जाते हैं। इसी दौरान छात्र अचानक अपने पास मौजूद चाकू निकालता है और शिक्षक के सीने पर हमला कर देता है। हमले के बाद केबिन में अफरा-तफरी मच जाती है। घायल शिक्षक पीछे हटते नजर आते हैं, जबकि छात्र जोर-जोर से चिल्लाने लगता है। कुछ ही देर में स्कूल के कर्मचारी और अन्य लोग मौके पर पहुंचते हैं और छात्र को काबू करने की कोशिश करते हैं।
शिक्षक अस्पताल में भर्ती-
चाकू लगने से शिक्षक घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन समय रहते इलाज मिलने से बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना ने शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर भी नई बहस शुरू कर दी है। कई लोगों का मानना है कि स्कूल परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
TC लेने आया था छात्र, बहस के बाद बढ़ा विवाद-
पुलिस के मुताबिक आरोपी छात्र स्कूल में अपना ट्रांसफर सर्टिफिकेट लेने पहुंचा था। इसी प्रक्रिया के दौरान उसकी शिक्षक के साथ कहासुनी हो गई। देखते ही देखते बहस बढ़ती गई और मामला हिंसा तक पहुंच गया।
जांच में यह बात भी सामने आई है, कि जब आरोपी छात्र इसी स्कूल में पढ़ता था, तब भी उसका उसी क्लास टीचर के साथ विवाद हो चुका था। अधिकारियों का मानना है, कि पुरानी नाराजगी भी इस घटना की एक वजह हो सकती है। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- Viral Video: 7वीं मंजिल की खिड़की से जाकर पुलिसकर्मी ने बचाई शख्स की जान, सुसाइड..
ऑनलाइन मंगाया गया था चाकू-
प्रारंभिक जांच में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू छात्र ने ऑनलाइन ऑर्डर किया था। इससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि हमला पहले से योजनाबद्ध हो सकता है। हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में कोई अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने नाबालिग छात्र को हिरासत में ले लिया। उससे लगातार पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
ये भी पढ़ें- Viral Video: मां को बचाने के लिए भारतीय युवक ने गवाई जान, न्यूयॉर्क में दर्दनाक हादसे में बदली खुशियां


