Viral Video
    Photo Source - Google

    Viral Video: अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित मशहूर सेंट्रल पार्क में एक दर्दनाक हादसे ने भारतीय परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। 18 वर्षीय रोमांच महाजन, जो पहली बार अपने परिवार के साथ न्यूयॉर्क घूमने पहुंचे थे, अपनी मां को बचाने की कोशिश में जान गंवा बैठे। इस हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और जिसने भी इसे देखा, वह भावुक हुए बिना नहीं रह सका।

    परिवार की तस्वीर लेने के दौरान बेकाबू हो गई घोड़ा गाड़ी-

    जानकारी के मुताबिक, रोमांच महाजन अपने माता-पिता और छोटे भाई के साथ सेंट्रल पार्क में घोड़ा गाड़ी की सवारी कर रहे थे। इसी दौरान चालक परिवार की तस्वीर लेने के लिए गाड़ी से नीचे उतर गया। तभी सात साल का घोड़ा ‘सैम्पसन’ अचानक बेकाबू होकर दौड़ पड़ा। चार पहियों वाली गाड़ी तेज रफ्तार में पार्क के अंदर भागने लगी और मोड़ लेते हुए फुटपाथ तक पहुंच गई।

    वायरल वीडियो में देखा जा सकता है, कि घोड़ा गाड़ी के अनियंत्रित होते ही उसमें बैठे लोग नीचे गिरने लगे। इसी अफरा-तफरी में रोमांच की मां प्रिय महाजन गाड़ी से गिर गईं। अपनी मां को गिरते देख रोमांच तुरंत चलती गाड़ी से कूद पड़े ताकि उन्हें बचा सकें।

    “वह लगातार मां को पुकार रहा था”-

    रोमांच के पिता दीपक महाजन ने अमेरिकी मीडिया को बताया, कि उनका बेटा लगातार “मॉम… मॉम…” चिल्ला रहा था और अपनी मां तक पहुंचने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने कहा, कि पूरा परिवार मदद के लिए चिल्ला रहा था। हादसे में परिवार के बाकी सदस्य मामूली रूप से घायल हुए, लेकिन रोमांच के सिर में गंभीर चोट लग गई। अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने कई घंटे तक इलाज किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

    दीपक महाजन ने कहा, कि यह हादसा गंभीर है और इससे उनके बेटे के सारे सपने खत्म हो गए। परिवार भारत से सोमवार को न्यूयॉर्क पहुंचा था और उसी दिन रोमांच को जयपुर की एक यूनिवर्सिटी में दाखिला मिलने की खुशखबरी भी मिली थी। परिवार ने स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी और ब्रुकलिन ब्रिज समेत कई जगहों का आनंद लिया था, लेकिन यह यात्रा एक दर्दनाक याद बन गई।

    150 साल के इतिहास में पहली बार हुई ऐसी मौत-

    घोड़ा गाड़ी चालकों के संगठन ट्रांसपोर्ट वर्कर्स यूनियन लोकल-100 के अनुसार, सेंट्रल पार्क में पिछले 150 वर्षों से चल रही इस व्यवस्था में पहली बार किसी यात्री की मौत हुई है। यूनियन के उपाध्यक्ष अलेक्जेंडर केम्प ने कहा, कि यह बेहद दुखद घटना है और चालक को कभी भी तस्वीर लेने के लिए गाड़ी छोड़नी नहीं चाहिए थी। हादसे के बाद चालक को अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दिया गया है।

    ये भी पढ़ें- Viral Video: केक में छुपे मेटल के तार निगल गया 3 साल का बच्चा, मां ने वीडियो शेयर कर की ये अपील

    घोड़ा गाड़ी पर प्रतिबंध की मांग तेज-

    इस घटना के बाद न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी समेत कई लोगों ने सेंट्रल पार्क में घोड़ा गाड़ी की सवारी पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। सेंट्रल पार्क कंजर्वेंसी ने भी कहा है, कि सुरक्षा उपायों की समीक्षा होने तक इस व्यवस्था को रोक दिया जाना चाहिए। पिछले 13 महीनों में पार्क में घोड़ों से जुड़े आठ हादसे सामने आ चुके हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर सवाल और गहरे हो गए हैं।

    ये भी पढ़ें- Viral Video: 7वीं मंजिल की खिड़की से जाकर पुलिसकर्मी ने बचाई शख्स की जान, सुसाइड..

    By sumit

    मेरा नाम सुमित है और मैं एक प्रोफेशनल राइटर और जर्नलिस्ट हूँ, जिसे लिखने का पाँच साल से ज़्यादा का अनुभव है। मैं टेक्नोलॉजी और लाइफस्टाइल टॉपिक के साथ-साथ रिसर्च पर आधारित ताज़ा खबरें भी कवर करता हूँ। मेरा मकसद पढ़ने वालों को सही और सटीक जानकारी देना है।