Healthy Food: थाली में पनीर है, मुट्ठी भर बादाम हैं, एक गिलास फ्रूट जूस है और ऊपर से घी की एक बड़ी डली, यह सब देखकर लगता है, जैसे आज का खाना बहुत पौष्टिक है। लेकिन सच यह है, कि जिन चीज़ों को हम गर्व से “हेल्दी” कहते हैं, वे कई बार चुपचाप हमारी सेहत बिगाड़ रही होती हैं। छुपी हुई चीनी, ज़रूरत से ज़्यादा वसा और अधिक मात्रा में सेवन, ये सब मिलकर हमारे फिट रहने के गोल को पटरी से उतार देते हैं। आइए जानते हैं, उन 6 आम भारतीय खाद्य पदार्थों के बारे में जो देखने में स्वस्थ लगते हैं, लेकिन अधिक मात्रा में खाने पर नुकसान कर सकते हैं।
पनीर प्रोटीन का राजा, लेकिन हद में रहे-
पनीर शाकाहारी लोगों के लिए प्रोटीन का सबसे बड़ा स्रोत है और यह मांसपेशियों को मज़बूत बनाने में मदद करता है। लेकिन ज़्यादा पनीर खाने पर कोलेस्ट्रॉल और ब्लड शुगर बढ़ सकता है और वज़न भी। पनीर को सब्ज़ियों या साबुत अनाज के साथ मिलाकर संतुलित मात्रा में खाएं तभी इसका पूरा फायदा मिलेगा।
बादाम मुट्ठी भर ठीक लेकिन-
बादाम में स्वस्थ वसा, फाइबर और विटामिन भरपूर हैं, लेकिन इन्हें ज़रूरत से ज़्यादा खाने पर पेशाब में ऑक्सलेट का स्तर बढ़ सकता है, जिससे किडनी स्टोन का खतरा हो सकता है। रोज़ाना एक छोटी मुट्ठी बादाम काफी है, इससे ज़्यादा शरीर पर बोझ डालना सही नहीं।
फ्रूट जूस ताज़ा अच्छा, पैकेट वाला सोचकर पियें-
पैकेटबंद फ्रूट जूस में अक्सर अतिरिक्त चीनी होती है और फाइबर बिल्कुल नहीं। नियमित सेवन से वज़न बढ़ सकता है और मेटाबॉलिज्म खराब हो सकता है। ताज़ा निचोड़ा हुआ, जूस बिना चीनी के पिएं या पूरा फल खाएं, जिससे प्राकृतिक मिठास और पोषण दोनों मिलें।
घी थोड़ा सोना है, ज़्यादा बोझ है-
घी भारतीय रसोई की परंपरा है और खाने में स्वाद लाता है, लेकिन अधिक घी में संतृप्त वसा यानी सैचुरेटेड फैट होता है, जो कोलेस्ट्रॉल और हृदय रोग का खतरा बढ़ा सकता है। घी को कम मात्रा में इस्तेमाल करें और जैतून या सरसों के तेल से संतुलन बनाएं।
ये भी पढ़ें- बिना बिलीव किए भी सच होंगे आपके सपने, Carl Jung का ये मैनिफेस्टेशन सीक्रेट तेजी से करता है काम
दही और एनर्जी बार-
सादा दही प्रोबायोटिक्स से भरपूर है लेकिन फ्लेवर्ड दही में चीनी और आर्टिफिशियल तत्व होते हैं। बिना चीनी का दही लें और उसमें ताज़े फल मिलाएं। एनर्जी बार की बात करें, तो ये “हेल्दी” लगते हैं। लेकिन इनमें ज़्यादा चीनी, अस्वस्थ वसा और प्रिज़र्वेटिव हो सकते हैं। इनकी जगह नट्स, बीज और ताज़े फल खाएं।
ये भी पढ़ें- ज़्यादा नमक खाने से जा सकती है याददाश्त, नई रिसर्च में चौंकाने वाला खुलासा



